Uncategorized

महादेव सट्‌टा मामले में वकील हिमांशु शेखर की भूमिका पर ED की नजर, हाईकोर्ट ने दी गिरफ्तारी की अनुमति

महादेव ऑनलाइन सट्‌टा एप मामले में दिल्ली के वकील हिमांशु शेखर उर्फ मोहित की गिरफ्तारी का रास्ता साफ हो गया है। बॉम्बे हाईकोर्ट ने प्रवर्तन निदेशालय (ED) को उसे गिरफ्तार करने और उचित अदालत में पेश करने की छूट दे दी है। इस मामले में ED हिमांशु से सौरभ चंद्राकर द्वारा कथित तौर पर 15 करोड़ रुपये के लेन-देन के संबंध में पूछताछ करना चाहती है, जो उसने अपना मामला रफा-दफा कराने के लिए दिए थे।

सोमवार को बॉम्बे हाईकोर्ट ने मुंबई की विशेष PMLA कोर्ट के उस आदेश को रद्द कर दिया, जिसमें हिमांशु की ट्रांजिट रिमांड खारिज कर उसे रिहा करने का आदेश दिया गया था। PMLA कोर्ट ने यह आदेश 24 घंटे के भीतर पेश नहीं करने के आधार पर दिया था। अब ED की रायपुर टीम जल्द ही हिमांशु को गिरफ्तार कर उससे पूछताछ कर सकती है।

जानकारी के मुताबिक, ED की पूछताछ में महादेव सट्‌टा एप के प्रमोटर सौरभ चंद्राकर ने खुलासा किया है कि उसने अपना केस रफा-दफा कराने के लिए हिमांशु को 15 करोड़ रुपये दिए थे। ED ने सौरभ चंद्राकर को 13 नवंबर को कस्टोडियल रिमांड पर लेकर 19 नवंबर तक पूछताछ की थी, इसी दौरान हिमांशु शेखर का नाम सामने आया।

ED की जांच में हिमांशु की भूमिका अहम मानी जा रही है। एजेंसी के मुताबिक, हिमांशु पिछले तीन साल में कई बार दुबई गया था और वहां उसकी मुलाकात सौरभ चंद्राकर से हुई थी। ED इन मुलाकातों और कथित लेन-देन की गहन जांच करना चाहती है, क्योंकि सौरभ से पूछताछ में हिमांशु का नाम प्रमुखता से सामने आया है।

हिमांशु शेखर को 20 नवंबर को दोपहर करीब 3: 03 बजे मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर रोका गया था, जब वह दुबई जाने की तैयारी में था। ED रायपुर की ओर से उसके खिलाफ लुक आउट सर्कुलर जारी किया गया था। एयरपोर्ट अधिकारियों ने उसे रोकने के बाद ED रायपुर जोनल ऑफिस को इसकी सूचना दी।

इसके बाद ED अधिकारियों ने आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर 21 नवंबर की रात 1: 10 बजे हिमांशु को औपचारिक रूप से गिरफ्तार किया। एजेंसी उसे मुंबई की विशेष PMLA कोर्ट में लेकर पहुंची और दो दिन की ट्रांजिट रिमांड मांगी, ताकि उसे रायपुर लाकर मामले में आगे की पूछताछ की जा सके।

ED की ओर से विशेष लोक अभियोजक सुनील गोंसाल्विस ने दलील दी कि गिरफ्तारी का समय 20 नवंबर दोपहर 3: 03 बजे से नहीं माना जाना चाहिए, क्योंकि उस समय हिमांशु किसी जांच अधिकारी की हिरासत में नहीं था। ED के अनुसार, उसकी हिरासत 21 नवंबर की रात 1: 10 बजे से मानी जानी चाहिए। हालांकि, बचाव पक्ष ने इसका विरोध करते हुए गिरफ्तारी की प्रक्रिया में अनिवार्य कानूनी प्रावधानों का पालन नहीं करने का आरोप लगाया। विशेष अदालत ने ED की दलील खारिज कर दी और कहा कि लुक आउट सर्कुलर रायपुर ED ने जारी किया था और उसी के आधार पर हिमांशु को 20 नवंबर को दोपहर 3: 03 बजे रोका गया था। इसलिए 24 घंटे की समय-सीमा इसी समय से गिनी जाएगी। अदालत ने कहा कि ED अधिकारियों को 21 नवंबर को दोपहर 2 बजे से पहले आरोपी को पेश करना चाहिए था और केवल यात्रा में लगे समय का हवाला देकर देरी को सही नहीं ठहराया जा सकता। कोर्ट ने ट्रांजिट रिमांड देने से इनकार करते हुए हिमांशु की रिहाई का आदेश दिया।

विशेष PMLA कोर्ट के इस आदेश के खिलाफ ED के रायपुर जोनल ऑफिस के असिस्टेंट डायरेक्टर दिब्येंदु मान ने बॉम्बे हाईकोर्ट में क्रिमिनल रिवीजन याचिका दायर की। 23 नवंबर को जस्टिस शिवकुमार डिगे की अवकाशकालीन अदालत में इस मामले की सुनवाई हुई। ED की ओर से सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता, एडिशनल सॉलिसिटर जनरल अनिल सिंह और अन्य वकील उपस्थित रहे। आरोपी की ओर से कोई वकील पेश नहीं हुआ, जबकि उसे ई-मेल से सुनवाई की सूचना दी गई थी।

बॉम्बे हाईकोर्ट से ED के पक्ष में फैसला आने के बाद, रायपुर में भी आगे की कानूनी कार्रवाई की तैयारी कर रहे ED अधिकारी रायपुर की कोर्ट से लौट गए। अब ED हिमांशु को गिरफ्तार कर उससे सौरभ चंद्राकर से कथित लेन-देन, दुबई में हुई मुलाकातों और केस रफा-दफा कराने के आरोपों पर विस्तृत पूछताछ कर सकती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button