शिक्षकों की कमी पर स्कूल में जड़ा ताला:कोंडागांव पीएमश्री स्कूल में पालकों का प्रदर्शन, प्रिंसिपल को हटाने और रिक्त पद भरने की मांग

![]()
कोंडागांव जिले के पीएमश्री स्कूल डीपोपारा जामपदर में शिक्षकों की भारी कमी को लेकर शुक्रवार को पालकों का गुस्सा फूट पड़ा। पहली से पांचवीं तक केवल दो पद स्वीकृत हैं, जिनमें एक शिक्षिका लंबे समय से अनुपस्थित बताई जा रही हैं। ऐसे में पूरे स्कूल की पढ़ाई एक शिक्षक के भरोसे चल रही है। नाराज पालकों ने स्कूल में ताला लगाकर विरोध प्रदर्शन किया और नियमित शिक्षकों की नियुक्ति की मांग की। प्रधान पाठिका को हटाने की भी उठी मांग प्रदर्शन के दौरान पालकों ने स्कूल की प्रधान पाठिका को हटाने की मांग भी की। उनका आरोप है कि प्रधान पाठिका नियमित रूप से स्कूल नहीं आतीं, जिससे स्कूल का संचालन प्रभावित हो रहा है और बच्चों की पढ़ाई पर सीधा असर पड़ रहा है। जल्द सुधार नहीं हुआ तो होगा उग्र आंदोलन प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही रिक्त पदों पर शिक्षकों की नियुक्ति नहीं की गई और स्कूल की व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। उनका कहना है कि बच्चों के भविष्य के साथ किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। विभाग ने जांच का दिया भरोसा जिला मिशन समन्वयक समग्र शिक्षा ईमल बघेल ने कहा कि मामले की जानकारी मिली है। पालकों की ओर से प्रधान पाठिका को हटाने की मांग की गई है। स्कूल की स्थिति का परीक्षण कराया जा रहा है और आवश्यक प्रक्रिया के तहत व्यवस्था सुधारने का प्रयास किया जाएगा। शिक्षिका बोलीं- स्टाफ कम, फिर भी पढ़ाई जारी स्कूल की शिक्षिका पूनम तिवारी ने बताया कि सीमित संसाधनों और स्टाफ की कमी के बावजूद बच्चों की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने माना कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए पर्याप्त शिक्षकों की उपलब्धता जरूरी है। पालक बोले- आवेदन देकर थक गए प्रदर्शन में शामिल पालक लाला बसाक ने कहा कि कई बार अधिकारियों को आवेदन देने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ। मजबूरी में पालकों को स्कूल में ताला लगाकर विरोध प्रदर्शन करना पड़ा। उन्होंने कहा कि जब तक नियमित शिक्षकों की नियुक्ति नहीं होती और स्कूल की व्यवस्था नहीं सुधरती, आंदोलन जारी रहेगा।
Source link




