![]()
धमतरी जिले के अर्जुनी थाना क्षेत्र स्थित परसतराई गांव में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका का शव घर में फांसी पर लटका मिला। घटना के बाद मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है। मृतका की पहचान कामेश्वरी साहू के रूप में हुई है। उनकी शादी चार महीने पहले परसतराई निवासी मोनेश साहू से हुई थी। “दहेज के लिए करता था मारपीट” मृतका के चाचा भोजलाल साहू ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही दामाद मोनेश साहू उनकी भतीजी के साथ मारपीट करता था। कई बार कामेश्वरी मायके आई थी, लेकिन समझाइश के बाद उसे वापस ससुराल भेज दिया जाता था। परिजनों का कहना है कि आरोपी हर बार अपनी गलती मानकर भविष्य में ऐसा नहीं करने का वादा करता था। अस्पताल तक पहुंची थी प्रताड़ना की बात परिजनों के मुताबिक, कुछ दिन पहले भी कामेश्वरी के साथ मारपीट की गई थी, जिसके बाद उसे जिला अस्पताल और बठेना अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था। मायके पक्ष का आरोप है कि ससुराल वाले 25 हजार रुपए और अन्य दहेज की मांग कर रहे थे। “दरवाजा टूटा नहीं था, फिर फांसी कैसे?” भोजलाल साहू ने बताया कि 9 मई को मृतका के ससुर ने फोन कर फांसी लगाने की जानकारी दी। जब परिवार मौके पर पहुंचा, तो उन्हें बताया गया कि दरवाजा तोड़कर अंदर घुसे थे। लेकिन परिजनों का दावा है कि दरवाजे पर टूट-फूट का कोई निशान नहीं था। कमरे में रखे कूलर पर भी चढ़ने के निशान नहीं मिले और घर का सामान भी सामान्य स्थिति में था। इन्हीं परिस्थितियों के आधार पर परिवार का आरोप है कि पहले हत्या की गई और बाद में शव को फांसी पर लटका दिया गया। “बिना बताए करा दिया पोस्टमार्टम” मायके पक्ष ने आरोप लगाया कि 10 मई को पोस्टमार्टम होने की बात कहकर उन्हें वहां से भेज दिया गया। बाद में बिना सूचना दिए पोस्टमार्टम कर रात में ही अंतिम संस्कार भी कर दिया गया। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच और आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शुरू की जांच पुलिस ने इस मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
<
