![]()
सरगुजा के मैनपाट में प्रशासन द्वारा 64 लोगों बेदखली का नोटिस जारी किया गया है। रोपाखार क्षेत्र में प्रशासन की नोटिस के बाद कब्जाधारियों में हड़कंप मच गया है। सोमवार को कार्रवाई के विरोध में नगरवासियों के साथ पूर्व मंत्री अमरजीत भगत व कांग्रेसियों ने धरना दिया। प्रशासन द्वारा अतिक्रमणकारियों को सुनवाई का अवसर दिए जाने के बाद प्रदर्शन स्थगित किया गया। जिला प्रशासन द्वारा मैनपाट के कमलेश्वरपुर में रोपाखार और बाजार डांड में अवैध रूप से काबिज 64 लोगों को नोटिस जारी किया गया है। यहां लोगों द्वारा 2 से 5 डिसमिल भूमि पर कब्जा कर मकान दुकान का निर्माण करने के साथ ही कुछ जमीन को घेरकर कब्जा किया गया है। बेदखली का नोटिस मिलने से सनसनी
मैनपाट तहसीलदार न्यायालय में अतिक्रमण के खिलाफ सुनवाई हुई थी। सुनवाई के बाद नंवबर-दिसंबर 2025 में ही बेदखली का नोटिस जारी किया गया था। रोपाखार में लगभग 64 लोगों को नोटिस जारी हुआ है। यहां 2 हेक्टेयर से अधिक भूमि पर कब्जा करना पाया गया है।
तहसीलदार उमेश बाज द्वारा एक बार फिर से अतिक्रमणकारियों को नोटिस जारी किए जाने के बाद अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के खिलाफ 11 मई को बाजारडांड की मुख्य सड़क पर चक्काजाम व धरना प्रदर्शन की चेतावनी दी थी। इस आंदोलन को कांग्रेस व पूर्व मंत्री अमरजीत भगत का समर्थन मिला था। सोमवार को इसी कड़ी में नगरवासियों और कांग्रेस ने पूर्व मंत्री अमरजीत भगत के नेतृत्व में रैली निकाली और धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान सड़क पर आवागमन बाधित हो गया। सूचना पर मैनपाट तहसीलदार उमेश बाज मौके पर पहुंचे और भविष्य में सुनवाई का मौका दिए जाने के बाद ही कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। इसके बाद प्रदर्शन समाप्त किया गया। बिना पक्ष सुने कार्रवाई के खिलाफ-अमरजीत
अवैध अतिक्रमण के खिलाफ जारी किए गए बेदखली के नोटिस के मामले में पूर्व मंत्री अमरजीत भगत ने कहा कि प्रशासन से चर्चा के बाद सहानुभूतिपूर्वक करव्राई करने का आश्वासन मिला जिसके बाद नगरवासियों ने आंदोलन स्थगित करने का निर्णय लिया और हम उनके निर्णय का समर्थन करते है।
भगत ने कहा कि नगरवासियों को अपना कब्जा और पट्टा दिखाना है कि उन्होंने पीएम आवास, इन्द्रा आवास के तहत निर्माण कराया है या अवैध रूप से कब्जा है। हम बिना पक्ष सुने कार्रवाई के खिलाफ हैं, नियमानुसार कार्रवाई के खिलाफ नहीं है।
नियमानुसार होगी कार्रवाई-बाज
तहसीलदार उमेश बाज ने कहा कि कमलेश्वरपुर रोपाखार में 64 लोगों को बेदखली का नोटिस जारी हो चुका है। छोटे व बड़े झाड़ के जंगल की लगभग 2 हेक्टेयर जमीन पर कब्जा किया गया है। मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
<
