![]()
महासमुंद जिले में पुलिस ने गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 247 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। इस कार्रवाई में 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। जब्त की गई संपत्ति की कुल अनुमानित कीमत 1 करोड़ 28 लाख 44 हजार रुपए बताई गई है। जानकारी के अनुसार, थाना बसना पुलिस को ओडिशा से महासमुंद की ओर गांजा तस्करी की सूचना मिली थी। पुलिस ने घेराबंदी कर पांच मोटरसाइकिलों को रोका और उनकी जांच की। पूछताछ के दौरान आरोपी खुद को कपड़ा विक्रेता बता रहे थे, लेकिन तलाशी लेने पर पुलिस को गांजा मिला। पुलिस ने पाया कि मोटरसाइकिलों की पिछली सीट के नीचे लोहे के विशेष कंपार्टमेंट बनाकर उनमें गांजा छिपाया गया था। इसी दौरान पुलिस ने एक अन्य मामले में 23 किलो गांजा के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। इसके अतिरिक्त, थाना कोमाखान पुलिस ने टेमरी जांच नाका पर कार्रवाई करते हुए एक होंडा साइन मोटरसाइकिल से 9 किलो 60 ग्राम गांजा बरामद किया। कुल मिलाकर, तस्करी में इस्तेमाल 7 मोटरसाइकिलें, 6 मोबाइल फोन और गांजा छिपाने के लिए इस्तेमाल किए गए 5 लोहे के विशेष जाले भी बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में मेताप टाटिया (20, खंडवा, मध्यप्रदेश), रमेश चौहान (30, बैतूल, मध्यप्रदेश), राजू कुमावत टाकिया (25, बैतूल, मध्यप्रदेश), दीपक राजपूत (27, ललितपुर, उप्र.-मप्र. बॉर्डर), प्रकाश बंजारा (23, रायसेन, मध्यप्रदेश), मोहम्मद रिहान (37, अनुपपुर, मध्यप्रदेश), मनोज सिंह (36, अनुपपुर, मध्यप्रदेश), चंद्रशेखर (22, नागपुर, महाराष्ट्र), जितेंद्र (24, नागपुर, महाराष्ट्र) और विकास (19, नागपुर, महाराष्ट्र) शामिल हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
<
