शव दफ़नाने पर बवाल,ग्रामीणों बोले-हिंदू धर्म को नहीं मानता परिवार:कहा- मुंडन संस्कार नहीं किया, नहावन में भी नहीं आए, पुलिस-तहसीलदार मौके पर पहुंचे

![]()
धमतरी के श्यामतराई गांव में महिला के शव को दफनाने को लेकर जमकर विवाद हो गया। यहां एक परिवार महिला के शव को दफनाने की तैयारी कर रहा था, तभी इसकी जानकारी ग्रामीणों को मिली और मौके पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए। ग्रामीणों ने शव को गांव में दफनाने का विरोध किया। उनका कहना था कि परिवार लंबे समय से गांव के रीति-रिवाज और हिंदू धर्म की परंपराओं को नहीं मान रहा है। इसी वजह से ग्रामीणों ने शव को गांव में दफनाने से रोक दिया। मामला बढ़ने पर पुलिस और तहसीलदार की टीम मौके पर पहुंची और समझाइश देकर स्थिति को शांत कराया। मामला धमतरी शहर से लगे श्यामतराई गांव का है। अब जानिए पूरा मामला जानकारी के मुताबिक, गांव के रहने वाले मोहन साहू की मां गीता बाई (50) का शनिवार सुबह निधन हो गया। परिवार उनके अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहा था, तभी ग्रामीणों को इसकी जानकारी मिली। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए और शव दफनाने का विरोध करने लगे। रीति-रिवाज नहीं मानने का लगाया आरोप ग्रामीणों का कहना है कि मृतिका का परिवार कई वर्षों से हिंदू धर्म और गांव के रीति-रिवाजों का पालन नहीं कर रहा है। उन्होंने बताया कि ग्राम श्यामतराई के मोहन साहू की माता गीता बाई का निधन हुआ था। ग्रामीणों के अनुसार, परिवार न तो हिंदू धर्म को मानता है और न ही गांव के रीति-रिवाजों का पालन करता है। ग्रामीणों ने उदाहरण देते हुए बताया कि हाल ही में परिवार में दादा-दादी का निधन हुआ था, लेकिन उनके मुंडन संस्कार कार्यक्रम नहीं किए गए। वे गांव के ‘नहावन’ जैसे कार्यक्रमों में भी शामिल नहीं होते। ग्रामीणों का आरोप है कि परिवार यह भी नहीं बताता कि वे किस धर्म को मानते हैं। गांव में हुई कई बैठकों में परिवार ने देवी-देवताओं को भी न मानने की बात कही थी, जिससे ग्रामीणों में आक्रोश था। मौके पर पहुंची पुलिस और तहसीलदार की टीम शव दफनाने को लेकर विवाद बढ़ने की जानकारी मिलने पर पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस और तहसीलदार ने ग्रामीणों और परिवार से बात की, जिसके बाद मामला शांत कराया गया। तहसीलदार दुर्गेश तंवर ने बताया कि श्यामतराई गांव में शव दफनाने को लेकर विवाद की स्थिति बनी थी। प्रशासन और पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर मामले को शांत कराया है।
Source link




