व्यवसायी के घर नौकर-ड्राइवर ने साथियों के साथ की चोरी:आरोपियों की निशानदेही पर 5 लाख कैश बरामद, नाबालिग समेत चार आरोपी गिरफ्तार

![]()
अंबिकापुर के जवाहर मार्केट निवासी एक व्यवसायी के घर से 5 लाख रुपए कैश चोरी करने के आरोप में पुलिस ने नौकर, ड्राइवर और उनके दो साथियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चोरी की पूरी नकदी बरामद कर ली है। मामला गांधीनगर थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, 12 जुलाई को व्यवसायी सुभाष अग्रवाल ने गांधीनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह 11 जुलाई को परिवार सहित सतरेंगा (कोरबा) गए थे। घर की रखवाली के लिए उन्होंने नौकर ईश्वर यादव को रात में घर पर रुकने के लिए कहा था। रात करीब 3:30 बजे ईश्वर यादव की सूचना पर पड़ोसी ने उन्हें घर में चोरी होने की जानकारी दी। नौकर ने साथियों के साथ रची थी साजिश ईश्वर यादव ने बताया कि रात में तीन-चार युवक घर में घुसे, उसके हाथ-पैर बांध दिए और घर में चोरी कर फरार हो गए। किसी तरह खुद को छुड़ाकर वह पड़ोसी के घर पहुंचा। पड़ोसी ने घर जाकर देखा तो दरवाजा और आलमारी टूटी हुई थी। आलमारी से 5 लाख रुपए नकद और सोने के जेवर समेत करीब 15 लाख रुपए की चोरी होने की बात कही गई। बाद में सुभाष अग्रवाल की पत्नी ने बताया कि सोने के जेवर उन्होंने दूसरी जगह रख दिए थे, जो सुरक्षित मिल गए। मामले में गांधीनगर पुलिस ने अपराध दर्ज कर साइबर सेल की मदद से जांच शुरू की। बयान बदलने पर हुआ शक जांच के दौरान पुलिस ने नौकर ईश्वर यादव और ड्राइवर संदीप साहू से पूछताछ की। ईश्वर यादव के बयान में विरोधाभास मिलने पर पुलिस ने उससे सख्ती से पूछताछ की, जिसमें उसने संदीप साहू और दो अन्य साथियों के साथ चोरी करना स्वीकार कर लिया। ईश्वर यादव ने बताया कि ड्राइवर संदीप साहू के परिचित अनुराग दास और नाबालिग के साथ मिलकर चारों ने चोरी की योजना बनाई थी। वे परिवार के बाहर जाने का मौका तलाश रहे थे। घटना वाले दिन चारों ने मिलकर सुभाष अग्रवाल के घर चोरी की। शक से बचने के लिए ईश्वर यादव के हाथ-पैर बांध दिए गए और चोरी की झूठी कहानी बनाई गई। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि चोरी की नकदी डाइट के पीछे स्थित आहाते के पास एक झोले में छिपाकर रखी गई थी। पुलिस ने वहां से 5 लाख रुपए नकद बरामद कर जब्त कर लिए। गांधीनगर थाना प्रभारी प्रवीण कुमार द्विवेदी ने बताया कि तीनों आरोपियों को न्यायालय में और नाबालिग को बाल न्यायालय में पेश किया गया है।
Source link




