![]()
रायपुर के लेंसकार्ट शोरूम में घुसकर एक कथित धार्मिक संगठन के कार्यकर्ताओं ने कर्मचारियों को जबरन टीका लगा दिया। बताया जा रहा है कि कार्यकर्ता स्टाफ के नाम पूछते रहे और फिर उन्हें तिलक लगाकर बैठने की सलाह दी। इस दौरान कर्मचारियों से कहा गया कि वे तिलक लगाकर काम करें और लोगों को बताएं कि वे हिंदू हैं। फिर महिला ने अपना चश्मा दिखाते हुए कहा कि वह भी इसी कंपनी का चश्मा पहनती हैं, लेकिन अब इसे तोड़कर फेंक देंगी।
नारेबाजी और चेतावनी
जानकारी के मुताबिक, धर्म जागरण समिति से जुड़े कार्यकर्ता शोरूम पहुंचे और “जय श्री राम” के नारे लगाए। कर्मचारियों के नाम पूछने के बाद उन्हें टीका लगाया गया। साथ ही चेतावनी दी गई कि अगर कोई कंपनी हिंदू विरोधी गतिविधि करेगी, तो उसका विरोध किया जाएगा।
वीडियो का हवाला देकर जताया विरोध
संगठन की सह संयोजिका भारती वैष्णव ने सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि कंपनी में कर्मचारियों को तिलक, कलावा या जनेऊ पहनने से रोका जाता है, जबकि मुस्लिम महिलाओं को हिजाब पहनने की अनुमति दी जाती है। इसी बात को लेकर उन्होंने विरोध जताया।
कंपनी दे चुकी है सफाई
विवाद बढ़ने के बाद कंपनी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर बयान जारी किया। कंपनी ने कहा कि उसने लोगों की प्रतिक्रिया को गंभीरता से लिया है और अब अपने इन-स्टोर स्टाइल गाइड को स्पष्ट और पारदर्शी बनाया है। कंपनी के मुताबिक, नई गाइडलाइंस में सभी धार्मिक और सांस्कृतिक प्रतीकों—जैसे तिलक, बिंदी, सिंदूर, कलावा, मंगलसूत्र, कड़ा, हिजाब और पगड़ी—को मान्यता दी गई है।
खेद भी जताया
कंपनी ने कहा कि यदि किसी की भावनाएं आहत हुई हैं, तो उसे इसका खेद है। साथ ही भरोसा दिलाया कि आगे की नीतियां समानता और सम्मान के आधार पर बनाई जाएंगी।
<
