![]()
बालोद जिले में बढ़ती गर्मी और लू के प्रभाव को देखते हुए महिला-बाल विकास विभाग ने आंगनबाड़ी केंद्रों के संचालन समय में बदलाव किया है। अब 30 जून तक बच्चों की उपस्थिति का समय सुबह 7 बजे से 9 बजे तक निर्धारित किया गया है, ताकि तेज धूप और लू से बच्चों को सुरक्षित रखा जा सके। इस दौरान आंगनबाड़ी केंद्रों का संचालन सुबह 11 बजे तक किया जाएगा। विभाग ने स्पष्ट किया है कि समय में बदलाव के बावजूद प्रारंभिक बाल्यावस्था देखरेख, शिक्षा गतिविधियां और पूरक पोषण आहार का वितरण नियमित रूप से जारी रहेगा और सेवाओं की गुणवत्ता में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी। लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को निर्देश दिए गए हैं कि वे बच्चों को आंगनबाड़ी केंद्र से घर तक सुरक्षित पहुंचाना सुनिश्चित करें और लू के बीच विशेष सतर्कता बरतें। निर्देशों के पालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही सामने आने पर संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है। 1 जुलाई से समय बदला जाएगा ग्रीष्मकाल की समाप्ति के बाद 1 जुलाई से आंगनबाड़ी केंद्रों का संचालन पूर्व निर्धारित समयानुसार सुबह 9:30 बजे से दोपहर 3:30 बजे तक किया जाएगा। महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी समीर पांडेय ने बताया कि शासन के निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने के लिए सभी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को आवश्यक निर्देश दे दिए गए हैं।
<
