![]()
कोरबा में 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर शनिवार को जिला स्तरीय सामूहिक योग कार्यक्रम लोकमाता देवी अहिल्याबाई होल्कर कन्वेंशन हॉल में आयोजित किया गया। छत्तीसगढ़ शासन के कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा, रोजगार और अनुसूचित जाति विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। मंत्री खुशवंत साहेब ने जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों और नागरिकों के साथ ताड़ासन, पवनमुक्तासन, हलासन, शवासन, कपालभाति, अनुलोम-विलोम, भ्रामरी और प्राणायाम का अभ्यास किया। सभी प्रतिभागियों को स्वस्थ जीवनशैली, नियमित योग और नशामुक्त भारत की शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर मंत्री खुशवंत साहेब ने कहा कि योग भारत की ऋषि परंपरा की अमूल्य देन है, जिसने विश्व को स्वस्थ जीवन और मानसिक शांति का मार्ग दिखाया है। उन्होंने आधुनिक जीवनशैली में बढ़ते तनाव के बीच योग को संतुलित जीवन का प्रभावी माध्यम बताया। योग को वैश्विक पहचान और राज्य सरकार की प्राथमिकताओं पर जोर उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग को वैश्विक पहचान मिलने और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार की ओर से स्वास्थ्य, शिक्षा व कौशल विकास को प्राथमिकता देने की बात कही। मंत्री ने यह भी जोड़ा कि योग युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और मानसिक दृढ़ता बढ़ाता है। महापौर और कलेक्टर ने योग के स्वास्थ्य लाभ बताए महापौर संजू देवी राजपूत ने योग को भागदौड़ भरी जिंदगी में बीमारियों से बचने और रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के लिए फायदेमंद बताया। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने योग को शरीर को स्वस्थ रखने, मन का संतुलन बनाने और शारीरिक-मानसिक दक्षता बढ़ाने का सर्वोत्तम माध्यम बताया। 12 साल बेमिसाल’ अभियान के तहत योग शिविर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) जिला कोरबा ने भी प्रधानमंत्री मोदी के ’12 साल बेमिसाल’ अभियान के तहत टीपी नगर स्थित आशीर्वाद पॉइंट पर एक वृहद योग शिविर का आयोजन किया। जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी ने कहा कि योग से भारत का गौरव बढ़ रहा है। पतंजलि योगपीठ की जया मिश्रा ने शिविर में योगाभ्यास कराया। मंडल हरदी बाजार ने आत्मानंद स्कूल में एक और शिविर लगाया, जिसका संचालन जिला मंत्री अजय दुबे ने किया। मंडल अध्यक्ष कृष्णा पटेल की अध्यक्षता में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता इसमें शामिल हुए।
<
