![]()
राजधानी रायपुर के सरस्वती नगर रेलवे स्टेशन में देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। ट्रेन की चपेट में आने से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में उसका दाहिना हाथ कटकर शरीर से अलग हो गया। घटना के बाद स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी मच गई। घायल युवक का एक वीडियो भी सोशल मीडिया में तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह स्ट्रेचर पर लेटे हुए अपने कटे हाथ को दूसरी तरफ खींचता हुआ नजर आ रहा है। जानकारी के मुताबिक घटना सोमवार-मंगलवार की देर रात करीब 2 बजे की है। स्टेशन के प्लेटफॉर्म के पास एक युवक घायल अवस्था में पड़ा तड़प रहा था। आसपास मौजूद लोगों ने उसे देखा तो तुरंत पुलिस और एम्बुलेंस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सरस्वती नगर थाना पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचा। रेस्क्यू टीम ने घायल युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। युवक को मेकाहारा अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज जारी है। चिकित्सकों के मुताबिक युवक की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है। अधिक खून बहने की वजह से उसे विशेष निगरानी में रखा गया है। वीडियो में कटा हाथ खीचता दिखा युवक घटना के बाद सामने आए वीडियो ने लोगों को झकझोर दिया है। वीडियो में युवक स्ट्रेचर पर दर्द से कराहता नजर आ रहा है। वहीं उसका कटा हुआ हाथ अलग दिखाई दे रहा है। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। घायल का पता लगाने में जुटे अफसर फिलहाल युवक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि युवक रेलवे ट्रैक तक कैसे पहुंचा और हादसा किन परिस्थितियों में हुआ। शुरुआती आशंका है कि चलती ट्रेन की चपेट में आने से हादसा हुआ होगा, लेकिन अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। सरस्वती नगर थाना पुलिस ने रेलवे स्टेशन और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि हादसे के सही कारणों का पता लगाया जा सके।
<
