![]()
राजनांदगाव में इंस्टाग्राम के जरिए दोस्ती कर ब्लड कैंसर और माइग्रेन जैसी गंभीर बीमारियों का झांसा देकर एक युवक से 3 लाख रुपये की ठगी करने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बसंतपुर पुलिस स्टेशन पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है। पुलिस के मुताबिक, पीड़ित युवक की पहचान अप्रैल 2024 में इंस्टाग्राम के माध्यम से मोनू कुमार चिरावतकर (35), कविता उर्फ दामिनी (19) और सोनल उर्फ बबीता (22) से हुई थी। इंस्टाग्राम पर हुई थी पहचान बातचीत बढ़ने पर आरोपियों ने युवक को विश्वास में लिया और खुद को गंभीर बीमारियों से पीड़ित बताया। उन्होंने कहा कि परिवार वाले उन्हें प्रताड़ित करते हैं और इलाज, राशन व मां-बहन की मदद के लिए पैसों की जरूरत है। भावनात्मक रूप से फंसाकर ऐंठे पैसे आरोपियों ने सहानुभूति हासिल कर युवक से किश्तों में ऑनलाइन पैसे मंगवाए। युवक ने भरोसा कर कुल 3 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। बाद में जब उसे ठगी का अहसास हुआ और उसने पैसे वापस मांगे, तो आरोपियों ने रकम लौटाने के बजाय उसे झूठे मामले में फंसाने की धमकी देना शुरू कर दिया। पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4), 308, 351(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन, एएसपी कीर्तन राठौर और सीएसपी वैशाली जैन के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने थाना सोमनी क्षेत्र के ग्राम टेडेसरा में घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को हिरासत में लिया। मोबाइल जब्त, आरोपियों ने कबूला जुर्म पूछताछ में आरोपियों ने ठगी करना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से ठगी में इस्तेमाल किए गए तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। न्यायालय से जेल वारंट जारी होने के बाद तीनों आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
<
