![]()
कांकेर जिले के नरहरपुर थाना क्षेत्र की चौकी हल्बा पुलिस ने आठ माह पुराने अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझा ली है। पुलिस ने इस मामले में गांव की सरपंच समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि जमीन बिक्री से मिली रकम हड़पने के लिए वृद्ध को जहर देकर मार डाला गया था। पुलिस के अनुसार, ग्राम झुमरपाली निवासी मिलन पटेल (75) की 29 जुलाई 2025 को इलाज के दौरान मौत हो गई थी। शुरुआती जानकारी में जहर सेवन की बात सामने आई थी, जिसके बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। जमीन बिक्री से मिली बड़ी रकम सरपंच के घर रखी थी जांच के दौरान मृतक की बेटी मंगली बाई ने पुलिस को बताया कि उनके पिता ने जमीन बिक्री से मिली बड़ी रकम गांव की सरपंच के घर रखी थी। इसी जानकारी के बाद मामले की दिशा बदल गई। 16.50 लाख की रकम पर थी आरोपियों की नजर पुलिस जांच में सामने आया कि मिलन पटेल ने अपनी जमीन करीब 16 लाख 50 हजार रुपये में बेची थी। इस रकम पर गांव के सरपंच कंश राम नेताम, सोनाराम सिन्हा और बिहारी लाल शोरी की नजर थी। आरोपियों ने योजना बनाई कि मिलन पटेल को कम रकम देकर बाकी पैसे खुद रख लिए जाएं। पुलिस के मुताबिक, सरपंच और उसके सहयोगियों ने मिलकर हत्या की साजिश रची। शराब में जहर मिलाकर दी मौत जांच में खुलासा हुआ कि 27 जुलाई 2025 को आरोपियों ने मिलन पटेल को अपने घर बुलाया। वहां उन्हें शराब पिलाई गई और उसमें जहरीला पदार्थ मिला दिया गया। जहर पीने के बाद उनकी हालत बिगड़ गई। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां अगले दिन उनकी मौत हो गई। चार आरोपी गिरफ्तार मामले में पुलिस ने सरपंच कंश राम नेताम, वतन पटेल, सोनाराम सिन्हा और बिहारी लाल शोरी को गिरफ्तार कर लिया है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच में तकनीकी साक्ष्यों और परिजनों के बयानों ने अहम भूमिका निभाई।
<
