![]()
छत्तीसगढ़ व्यवसायिक परीक्षा मंडल (व्यापम) द्वारा मण्डी उप निरीक्षक (MBSI-26) के रिक्त पदों के लिए लिखित परीक्षा रविवार को जिले के 104 परीक्षा केंद्रों में आयोजित की गई। परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक चली। इसके लिए गोपनीय सामग्री का वितरण सुबह 08:15 बजे जिला कोषालय कलेक्ट्रेट रायपुर से किया गया और सभी केंद्रों पर परीक्षा समय पर शुरू हुई। परीक्षा में कुल 34,168 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 21,579 परीक्षार्थी उपस्थित रहे। बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों की मौजूदगी के बावजूद परीक्षा व्यवस्था सुव्यवस्थित रही और कहीं से भी अव्यवस्था की खबर नहीं आई। परीक्षा समाप्त होने के बाद सभी केंद्रों से गोपनीय सामग्री को समन्वयक केंद्र शासकीय नागार्जुन पी.जी. विज्ञान महाविद्यालय जी.ई. रोड, रायपुर में जमा कराया गया। यहां से पूरी प्रक्रिया निर्धारित दिशा-निर्देशों के तहत पूरी की गई। इसके बाद समस्त सामग्री शाम 6 बजे जिला कोषालय, कलेक्ट्रेट रायपुर में सुरक्षित रूप से जमा कराई गई। जिला प्रशासन ने बताया कि पूरी परीक्षा शांतिपूर्ण और नियमों के अनुरूप सफलतापूर्वक संपन्न हुई।
<
