![]()
छत्तीसगढ़ योग आयोग के नवनियुक्त अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने कार्यभार ग्रहण करने के बाद पहली बार अपने निवास मनेन्द्रगढ़ पहुंचने पर योग के विस्तार को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। इस दौरान कार्यकर्ताओं, नागरिकों और परिवारजनों ने उनका स्वागत किया। अग्रवाल ने बताया कि आगामी तीन से छह माह के भीतर प्रदेश के स्कूली पाठ्यक्रम में योग को अनिवार्य करने की दिशा में कार्य किया जाएगा। उनका मानना है कि बच्चों को प्रारंभिक स्तर से ही योग से जोड़ने से उनका शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य बेहतर होगा। स्कूल से अस्पताल तक योग पहुंचाने की योजना उन्होंने यह भी घोषणा की कि आने वाले समय में प्रदेश के सभी स्कूलों, कॉलेजों, छात्रावासों और अस्पतालों में नियमित रूप से योग गतिविधियां संचालित की जाएंगी। इसके अतिरिक्त, अगले एक वर्ष के भीतर प्रदेश के सभी जिला अस्पतालों में योग थेरेपिस्ट की तैनाती सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा। नवनियुक्त अध्यक्ष ने अपनी नियुक्ति के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि योग को जन-जन तक पहुंचाना और स्वस्थ छत्तीसगढ़ के निर्माण में योगदान देना उनकी प्राथमिकता होगी।
<
