![]()
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय 22 जून को राजनांदगांव जिले के दौरे पर रहेंगे। वे शहर के ऐतिहासिक स्टेट हाई स्कूल मैदान में आयोजित ‘प्रगतिशील किसान सम्मेलन’ में शामिल होंगे। जिला प्रशासन ने इस भव्य आयोजन के लिए व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। इस बड़े आयोजन में पूरे संभाग से बड़ी संख्या में किसानों और नागरिकों के जुटने की संभावना है। इसे देखते हुए यातायात पुलिस ने रूट चार्ट और ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। शनिवार सुबह 8 बजे से कार्यक्रम की समाप्ति तक शहर के भीतर भारी और मध्यम वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। कार्यक्रम स्थल पर एक वाटरप्रूफ और भव्य डोम (पंडाल) तैयार किया गया है, जिसमें हजारों लोगों के बैठने के लिए कुर्सियां लगाई गई हैं। सुरक्षा के लिए मजबूत बैरिकेडिंग की गई है। मंच के पीछे और गैलरी में लोकार्पण व भूमिपूजन के लिए दर्जनों शिलालेख तैयार हैं। मुख्यमंत्री इस अवसर पर राजनांदगांव जिले को करोड़ों रुपए के विकास कार्यों की घोषणाएं करेंगे। पंडाल में जगह-जगह बड़े कूलर्स, आधुनिक साउंड सिस्टम और सुरक्षा के कड़े इंतजाम देखे जा सकते हैं।
ट्रैफिक जाम से बचने के लिए भारी वाहनों को शहर के बाहरी बायपास मार्गों पर डायवर्ट किया जाएगा। बालोद की ओर से आने वाले भारी वाहन ‘मोहारा ब्रिज बायपास’ से गुजरेंगे, जबकि खैरागढ़ की ओर से आने वाले वाहन ‘गठुला’ से डायवर्ट होंगे। नेशनल हाईवे-53 के वाहनों को ‘ट्रांसपोर्ट नगर तिराहा’ और ‘सीआईटी चौक बायपास’ की तरफ भेजा जाएगा। विभिन्न मार्गों से आने वाली बसों और गाड़ियों के लिए अलग-अलग पार्किंग जोन निर्धारित किए गए हैं। सोमनी (रायपुर मार्ग) से आने वाले वाहन अग्रवाल ट्रांसपोर्ट, पुराना बस स्टैंड होते हुए महावीर चौक पर यात्रियों को उतारेंगे और जाली खाता पार्किंग (नं. 11) या एबीस पार्किंग (नं. 10) में पार्क होंगे। तुमडीबोड/डोंगरगांव से आने वाले वाहन 18 एकड़, अंबेडकर चौक, प्यारेलाल चौक होते हुए सिविल लाइन पर यात्रियों को उतारेंगे और एबीस पार्किंग में पार्क होंगे। यातायात व्यवस्था और आम जनता के लिए निर्देश कार्यक्रम के दौरान शहर में अलग-अलग वाहनों और लोगों के लिए पार्किंग और प्रवेश की अलग-अलग व्यवस्था की गई है। कुछ प्रमुख स्थानों पर पार्किंग की सुविधा तय की गई है, जैसे जाली खाता पार्किंग (नं. 11), नगर निगम के पास ड्रॉपिंग पॉइंट (नं. 10), महारानी स्कूल (नं. 02) और म्युनिसिपल स्कूल मैदान (नं. 06)। जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं के लिए चिखली ओवरब्रिज से गेट नंबर 02 और नगर निगम पार्किंग (नं. 01) से प्रवेश तय किया गया है। आम नागरिकों को केवल सबेरा संकेत कार्यालय के सामने स्थित गेट नंबर 01 से पैदल प्रवेश दिया जाएगा। यातायात पुलिस ने बताया है कि सोमवार सुबह 8 बजे से कार्यक्रम खत्म होने तक शहर के कई मुख्य मार्गों जैसे पीटीएस, अंबेडकर चौक, प्यारेलाल चौक, नया बस स्टैंड, महावीर चौक, पोस्ट ऑफिस चौक, पुराना बस स्टैंड, अग्रवाल ट्रांसपोर्ट और स्पीकर निवास मार्ग पर भारी भीड़ और आवाजाही रहेगी। इसलिए आम लोगों से अपील की गई है कि वे इन मार्गों से बचें और वैकल्पिक रास्तों का उपयोग करें ताकि किसी तरह की परेशानी न हो।
<
