![]()
रायपुर जिले के भाजपा विधायकों पर विकास कार्यों को लेकर कांग्रेस ने बड़ा हमला बोला है। प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने आरोप लगाया कि जिले के सातों भाजपा विधायक अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में विकास कार्य कराने में पूरी तरह असफल साबित हुए हैं। उन्होंने कहा कि मोदी की गारंटी और साय सरकार के सुशासन का दावा करने वाले विधायक जनता की मूलभूत जरूरतों और विकास संबंधी मांगों को पूरा नहीं कर पाए हैं। विधायक केवल दावे करते, जमीनी हकीकत अलग धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि रायपुर जिले के विधायक राजेश मूणत, सुनील सोनी, पुरंदर मिश्रा, मोतीलाल साहू, खुशवंत साहेब, अनुज शर्मा और इंद्र कुमार साहू विकास के बड़े-बड़े दावे तो करते हैं, लेकिन जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल अलग है। उन्होंने आरोप लगाया कि विधायक निधि से स्वीकृत कार्यों की स्थिति बेहद खराब है। जिले में स्वीकृत कार्यों में से लगभग 46 प्रतिशत कार्य अधूरे हैं, जबकि 29 प्रतिशत कार्यों की शुरुआत तक नहीं हो सकी है। इसके बावजूद कई निर्माण एजेंसियों को 50 प्रतिशत से अधिक भुगतान कर दिया गया है। सभी विधानसभा में अधूरा निर्माण कांग्रेस प्रवक्ता के मुताबिक रायपुर दक्षिण विधानसभा में 143 कार्यों के लिए 3.96 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए, लेकिन केवल 9 कार्य ही पूर्ण हुए हैं। रायपुर पश्चिम में 47 कार्यों में सिर्फ 2 कार्य पूरे हुए हैं, जबकि अधिकांश कार्य अधूरे या शुरू ही नहीं हुए। रायपुर ग्रामीण, रायपुर उत्तर, अभनपुर और धरसींवा विधानसभा क्षेत्रों में भी बड़ी संख्या में स्वीकृत कार्य अधूरे पड़े हैं। कई स्थानों पर करोड़ों रुपये का भुगतान होने के बावजूद विकास कार्य धरातल पर दिखाई नहीं दे रहे हैं। विधायकों के दावे कागजों तक सीमित धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि भाजपा विधायकों को जनता को बताना चाहिए कि स्वीकृत विकास कार्य समय पर पूरे क्यों नहीं हुए। उन्होंने इसे भाजपा विधायकों की असफलता का रिपोर्ट कार्ड बताते हुए कहा कि विकास कार्यों को लेकर किए जा रहे दावे केवल कागजों तक सीमित हैं। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि सरकार में होने के बावजूद भाजपा विधायक अपने क्षेत्रों के लिए प्रभावी ढंग से काम नहीं करा पा रहे हैं, जिससे जनता खुद को ठगा हुआ महसूस कर रही है।
<
