![]()
बीजापुर में कांग्रेस विधायक विक्रम मंडावी की ट्रैक्टर रैली के बाद राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। रैली के दौरान विक्रम मंडावी ने पेट्रोल-डीजल की उपलब्धता, महंगाई और आम जनता की समस्याओं को लेकर केंद्र-राज्य सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए थे। विक्रम मंडावी ने कहा कि क्षेत्र की जनता कई मूलभूत समस्याओं से जूझ रही है। उनका आरोप है कि बीजापुर के पेट्रोल-डीजल पंप संचालक किसानों को ईंधन उपलब्ध कराने के बजाय कालाबाजारी में लगे हुए हैं। सरकार इन समस्याओं के समाधान को लेकर गंभीर नजर नहीं आ रही है। मंडावी के आरोपों पर भाजपा विधायक चैतराम अटामी ने कहा कि कांग्रेस केवल राजनीतिक आरोप लगाने में व्यस्त है और अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों के असर को नजरअंदाज कर रही है। जब कोई दल सत्ता में रहता है तो उसे कई समस्याएं दिखाई नहीं देतीं, लेकिन सत्ता से बाहर होने पर जनता की चिंता सताने लगती है। मध्य-पूर्व के हालात का किया जिक्र चैतराम अटामी ने कहा कि वर्तमान में पूरी दुनिया इजराइल और मध्य-पूर्व में चल रहे संघर्षों के प्रभाव को महसूस कर रही है। भारत अपनी ऊर्जा जरूरतों का बड़ा हिस्सा विदेशों से आयात करता है, इसलिए वैश्विक परिस्थितियों का असर पड़ना स्वाभाविक है। पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति सामान्य होने का दावा अटामी ने कहा कि चुनौतीपूर्ण अंतरराष्ट्रीय हालात के बावजूद देश में पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति सुचारु रूप से जारी है। उन्होंने माना कि कुछ स्थानों पर परिवहन में देरी के कारण अस्थायी दिक्कत हो सकती है, लेकिन ईंधन की उपलब्धता बनी हुई है। कांग्रेस को दी नसीहत भाजपा विधायक ने कांग्रेस से केवल आलोचना करने के बजाय वैश्विक परिस्थितियों को समझने की सलाह दी। उनका कहना है कि केंद्र सरकार कठिन परिस्थितियों में भी देश की ऊर्जा आवश्यकताओं को पूरा करने का काम कर रही है। कांग्रेस ने सरकार से मांगा जवाब कांग्रेस का कहना है कि जनता महंगाई, विकास कार्यों की धीमी रफ्तार और स्थानीय समस्याओं का सामना कर रही है। पार्टी का आरोप है कि सरकार को इन मुद्दों पर जवाब देना चाहिए और जमीनी स्तर पर समाधान सुनिश्चित करना चाहिए।
<
