![]()
रायपुर नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग ने शहर में स्वच्छता को लेकर बड़ी कार्रवाई करते हुए 131 दुकानदारों से कुल 31,900 रुपए का जुर्माना वसूला। यह कार्रवाई नगर निगम आयुक्त विश्वदीप के निर्देश पर की गई। निगम की टीमों ने जोन स्तर पर स्वास्थ्य विभाग और स्वच्छता दीदियों के साथ मिलकर निरीक्षण अभियान चलाया। इस दौरान डस्टबिन नहीं रखने, कचरा फैलाने और प्रतिबंधित पॉलीथिन का उपयोग करने वालों पर कार्रवाई की गई। अलग-अलग मामलों में वसूला जुर्माना निरीक्षण के दौरान गंदगी पाए जाने पर 76 दुकानदारों से 23,500 रुपए, डस्टबिन नहीं रखने पर 51 दुकानदारों से 7,500 रुपए और प्रतिबंधित पॉलीथिन मिलने पर 4 दुकानदारों से 900 रुपए का जुर्माना वसूला गया। कार्रवाई नगर निगम स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. तृप्ति पाणिग्रही और संबंधित जोन कमिश्नरों के मार्गदर्शन में, जोन स्वास्थ्य अधिकारियों और स्वच्छता निरीक्षकों की मौजूदगी में की गई। पॉलीथिन जब्त, दी गई चेतावनी प्रतिबंधित पॉलीथिन मिलने पर दुकानदारों से जुर्माना वसूलने के साथ ही मौके पर ही उसे जब्त भी किया गया। सभी दुकानदारों को भविष्य में नियमों का पालन करने की कड़ी चेतावनी दी गई है। नगर निगम ने साफ किया है कि स्वच्छता को लेकर यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
<
