रायगढ़ में CHP चौक हिंसा मामले का फरार आरोपी गिरफ्तार:पुलिस बल पर हमला-लूटपाट जैसे अपराधों में था नामजद, अब तक 29 आरोपी गिरफ्तार, फरार आरोपियों की तलाश जारी

![]()
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिला के तमनार के CHP चौक में हिंसा की घटना घटित हुई थी। जिसमें लंबे समय से फरार चल रहे और एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस बल पर हमला, लूटपाट, आगजनी, बलवा मामले में नामजद आरोपी था। जहां पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्याायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मिली जानकारी के मुताबिक पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि तमनार के CHP चौक हिंसा के मामले में फरार आरोपी अनिल बेहरा 37 साल निवासी लिबरा अपने गांव आया हुआ है। सूचना मिलते ही तमनार व पूंजीपथरा पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा तत्काल घेराबंदी कर आरोपी को हिरासत में लिया। इसके बाद उससे पूछताछ में आरोपी द्वारा राजेश मरकाम व अन्य आरोपियों के साथ मिलकर घटना के दौरान आंदोलनकारियों के साथ हिंसक वारदात में शामिल होना स्वीकार किया। विवेचना में आंदोलनकारियों को दुष्प्रेरित करने की भूमिका सामने आने पर प्रकरण में धारा 49 BNS व धारा 25 आर्म्स एक्ट जोड़ी गई। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
जानिए क्या था पूरा मामला
गारे पेलमा सेक्टर-01 कोयला परियोजना की जनसुनवाई के विरोध में दिसंबर 2025 से लिबरा स्थित CHP चौक पर प्रभावित गांवों के लोगों द्वारा धरना-प्रदर्शन व आर्थिक नाकेबंदी की जा रही थी। प्रशासन-पुलिस द्वारा लगातार आंदोलनकारियों को शांति बनाए रखने और कानून व्यवस्था का पालन करने की समझाईश दी जा रही थी। इसी दौरान 27 दिसंबर 2025 को आंदोलन अचानक उग्र हो गया। आरोप है कि राजेश मरकाम, अनिल बेहरा, रूपेश पटेल, संदीप प्रधान समेत अन्य लोगों द्वारा आंदोलनकारियों को उकसाकर पुलिस बल पर लाठी, डंडा, टांगी व पत्थरों से हमला किया गया। घटना में कई पुलिसकर्मी घायल हुए। इस दौरान पुलिस से शासकीय वॉकी-टॉकी और शासकीय मोबाइल फोन भी लूट लिया गया। उग्र भीड़ द्वारा पुलिस दल को घेरकर लगातार पथराव किया गया। सड़क किनारे खड़े पुलिस के शासकीय वाहनों व प्रशासनिक अधिकारियों के वाहनों में तोड़फोड़ कर आग लगा दी गई। इसके साथ ही प्लांट परिसर में भी तोड़फोड़ की गई। जिससे कानून व्यवस्था की स्थिति गंभीर रूप से प्रभावित हुई।
अब तक 29 आरोपी हो चुके गिरफ्तार
तमनार थाना में घटना के संबंध में अलग-अलग प्रार्थियों की रिपोर्ट पर 16 अपराध पंजीबद्ध किए गए हैं। जिसमें अब तक 29 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा जा चुका है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की पतासाजी व गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
आरोपियों को बख्शा नहीं जाएगा
SSP शशि मोहन सिंह ने बताया कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले व गंभीर अपराधों में फरार आरोपियों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। रायगढ़ पुलिस द्वारा ऐसे आरोपियों की लगातार पतासाजी कर उन्हें कानून के दायरे में लाया जा रहा है। अपराधियों के खिलाफ प्रभावी व निष्पक्ष कार्रवाई हमारी प्राथमिकता है।
Source link




