रायगढ़ में ईद मिलादुन्नबी पर निकाली गई जुलूस:जगह-जगह लंगर का किया गया इंतेजाम, नवनिर्माण संकल्प समिति ने बांटा शरबत

![]()
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिला में पैगंबर हजरत मोहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम के विलादत दिवस जश्न-ए-ईद मिलादुन्नबी को बड़े ही अकीदत के साथ मनाया गया। इस मौके पर मुस्लिम समाज ने शहर में भव्य जुलूस निकाला। जुलूस शांतिपूर्ण तरीके से निकाला गया और लोगों को भाईचारे और आपसी एकता का संदेश दिया गया। ईद मिलादुन्नबी के मौके पर दोपहर में मुस्लिम समाज के हजारों लोग चांदनी चौक पर जुटे। इसके बाद तय समय पर चांदनी चौक से जुलूस निकाला गया। नात और कव्वाली के साथ जुलूस कोष्टापारा रोड से गद्दी चौक, सुभाष चौक, श्याम टॉकीज रोड, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ चौक और सिविल लाइन होते हुए सत्तीगुड़ी चौक पहुंचा। इसके बाद जुलूस घड़ी चौक, कोतवाली रोड और हटरी चौक होते हुए गांजा चौक स्थित जामा मस्जिद पहुंचा, जहां इसका समापन हुआ। जुलूस के स्वागत के लिए जगह-जगह स्वागत द्वार बनाए गए थे। मुस्लिम समाज के लोगों ने कई जगहों पर शरबत और लंगर की व्यवस्था भी की थी। जुलूस को लेकर पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे। जगह-जगह पुलिस जवान तैनात रहे। यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए कई रास्तों को वन-वे किया गया था। नवनिर्माण संकल्प समिति ने बांटा शरबत ईद मिलादुन्नबी के जुलूस के दौरान रायगढ़ में सामाजिक सौहार्द और भाईचारे की मिसाल देखने को मिली। शिक्षाविद और समाजसेवी नवनिर्माण संकल्प समिति के अध्यक्ष रामचंद्र शर्मा की पहल पर समिति ने रायगढ़ एसपी कार्यालय के सामने शरबत वितरण का स्टॉल लगाया। समिति के सदस्यों ने जुलूस में शामिल लोगों और राहगीरों को शरबत पिलाया। इस पहल के जरिए आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक एकता का संदेश दिया गया।
Source link




