![]()
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में बने 25 एमएलडी और 7 एमएलडी सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट अब आईएसओ प्रमाणित हो गए हैं। यह प्रदेश का पहला आईएसओ प्रमाणित सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट बन गया है। इसके लिए रायगढ़ नगर निगम को आईएसओ 9001:2015 (क्वालिटी मैनेजमेंट सिस्टम) का प्रमाण पत्र दिया गया है। नगर निगम संचालित इन दोनों एसटीपी में जल और अपशिष्ट जल प्रबंधन की संपूर्ण प्रणाली शामिल है, जिसमें संग्रहण, उपचार (ट्रीटमेंट) और सुरक्षित निस्तारण की प्रक्रियाएं प्रभावी रूप से संचालित की जा रही हैं। जांच के दौरान यह प्रणाली अंतरराष्ट्रीय गुणवत्ता मानकों पर खरी उतरी। टीवी टावर क्षेत्र बड़े अतरमुड़ा स्थित 7 एमएलडी एसटीपी और बांझीनपाली स्थित 25 एमएलडी सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट दोनों के लिए यह प्रमाण पत्र दिया गया है। नगर निगम आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय ने शहर में स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता देते हुए एसटीपी संचालन में गुणवत्ता सुधार, नियमित मॉनिटरिंग और तकनीकी व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया। महीने भर पहले आई थी टीम नगर निगम के अधिकारियों के अनुसार, आईएसओ प्रमाण पत्र के लिए करीब दो माह पहले आवेदन किया गया था।इसके बाद एक माह पहले दिल्ली से आई टीम ने शहर के दोनों एसटीपी प्लांट का निरीक्षण किया और पूरी कार्यप्रणाली का बारीकी से अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान टीम ने ट्रीटमेंट की विभिन्न प्रक्रियाओं में पानी के सैंपल लिए और उनकी जांच की। जांच में सभी प्रक्रियाएं मानकों के अनुरूप पाई गईं। इसी के आधार पर नगर निगम को आईएसओ प्रमाण पत्र जारी किया गया।
<
