![]()
राजनांदगांव के गांधी चौक इलाके में शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात एक जन्मदिन पार्टी के दौरान खूनी संघर्ष हो गया। दोस्तों के बीच मामूली विवाद इतना बढ़ा कि लाठी-डंडों के बाद चाकूबाजी तक पहुंच गया। इस हिंसक झड़प में एक युवक गंभीर रूप से घायल हुआ है। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक मुख्य आरोपी अभी भी फरार है। जानकारी के अनुसार, गांधी चौक निवासी राकेश श्रीवास और उसके साथी 24-25 अप्रैल की रात शोएब खान का जन्मदिन मना रहे थे। रात करीब 12 से 1 बजे के बीच केक काटने के तुरंत बाद, पुरानी रंजिश को लेकर राकेश सोनी उर्फ तूफान और महमूद अली के बीच कहासुनी शुरू हो गई। इस दौरान अनूप यादव उर्फ मुंडू ने हस्तक्षेप किया, जिसके बाद गाली-गलौज होने लगी। विवाद बढ़ने पर बेल्ट और लाठी-डंडों से किया हमला विवाद बढ़ने पर अनूप यादव और उसके साथियों ने राकेश श्रीवास पर बेल्ट और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इसके जवाब में राकेश सोनी (तूफान) और राकेश श्रीवास ने चाकू निकाल लिए और अनूप यादव पर वार किया। इस हमले में अनूप की हथेली पर गंभीर चोटें आईं। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली और बसंतपुर थाने की पेट्रोलिंग टीमें 15 मिनट के भीतर मौके पर पहुंच गईं। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए भीड़ को तितर-बितर किया और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर ने बताया कि इस घटना में शामिल अधिकांश युवक आपराधिक प्रवृत्ति के हैं। राकेश सोनी उर्फ तूफान, जो कोतवाली थाने का लिस्टेड गुंडा है, वारदात के बाद से फरार है। पुलिस ने राकेश श्रीवास को गिरफ्तार कर लिया है, जिसका भी पुराना आपराधिक रिकॉर्ड है। अनूप यादव और अन्य को मारपीट और चाकूबाजी में शामिल होने के आरोप में हिरासत में लिया गया है।
<
