![]()
राजनांदगांव जिले में अवैध मदिरा की बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए जिला प्रशासन ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। शुक्रवार को चिचोला (रंगीटोला) और घुमका में नई देशी कम्पोजिट मदिरा दुकानें शुरू की गईं, ताकि अवैध बिक्री पर रोक लगाई जा सके और लोगों को सुरक्षित मदिरा उपलब्ध हो सके। ये दोनों क्षेत्र पहले मदिरा दुकान विहीन थे, जिससे अवैध शराब बेचने वाले (कोचिए) सक्रिय हो गए थे। ग्रामीणों से लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि अवैध शराब से न केवल राजस्व का नुकसान हो रहा था, बल्कि नकली और जहरीली शराब के कारण ग्रामीणों के स्वास्थ्य पर भी नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा था। आमतौर पर शराब दुकानों का विरोध होता है, लेकिन इन क्षेत्रों में स्थिति अलग थी। ग्रामीणों ने स्वयं सामाजिक समस्याओं और अवैध गतिविधियों से परेशान होकर शासकीय दुकान खोलने की मांग की थी। दुकानों का उद्घाटन स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्राम प्रमुखों की उपस्थिति में किया गया। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शासकीय दुकान से अब मदिरा की गुणवत्ता और मूल्य पर सरकारी नियंत्रण रहेगा। जिला आबकारी अधिकारी अभिषेक तिवारी के अनुसार, इन दुकानों को खोलने के तीन मुख्य उद्देश्य हैं। पहला, अवैध बिक्री पर लगाम लगाना, जिससे कोचियों का नेटवर्क कमजोर होगा। दूसरा, शासकीय दुकानों पर लैब-टेस्टेड और सुरक्षित मानकों के अनुरूप मदिरा की उपलब्धता सुनिश्चित करना। तीसरा, अवैध व्यापार से होने वाले नुकसान को रोककर शासन के राजस्व में वृद्धि करना। घुमका के स्थानीय निवासी पंकज माले ने बताया, शराब दुकान न होने से बाहर से आने वाली मिलावटी शराब ने युवाओं का स्वास्थ्य खराब कर दिया था। अब यहां पारदर्शी तरीके से बिक्री होगी और गांव में होने वाली अवैध गुटबाजी पर रोक लगेगी।
<
