![]()
राजनांदगांव जिले के सोमनी में पुलिस ने देर रात नेशनल हाईवे पर स्थित होटलों और ढाबों में अचानक दबिश दी। इस कार्रवाई मेंढाबे में शराब पिलाने वाले 3 ढाबा संचालकों को गिरफ्तार किया गया है, साथ ही सार्वजनिक जगह पर शराब पीते पाए गए 7 लोगों पर भी कानूनी शिकंजा कसा गया है। पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देश और नगर पुलिस अधीक्षक अलेक्जेंण्डर किरो के पर्यवेक्षण में यह अभियान चलाया गया। सोमनी थाना प्रभारी अरुण कुमार नामदेव की टीम ने रविवार रात क्षेत्र के ढाबों की सघन चेकिंग की, जिसमें कई अनियमितताएं सामने आईं। ढाबा में परोसा जा रहा था शराब कार्रवाई के दौरान अंजोरा स्थित शान-ए-पंजाब ढाबा के संचालक गुरुमेज सिंह (निवासी भिलाई) को ग्राहकों को शराब परोसे जाने के आरोप में पकड़ा है। देवादा में के.जी.एन. ढाबा के संचालक अमर तेजवानी (निवासी लालबाग) और हमारा ढाबा के संचालक दीपक यादव (निवासी दुर्ग) के विरुद्ध भी अवैध रूप से शराब सेवन की सुविधा उपलब्ध कराने के आरोप में कार्रवाई की गई। इन धाराओं के तहत हुई कार्रवाई पुलिस ने इन तीनों ढाबा संचालकों के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी एक्ट की धारा 36(सी) के तहत मामला दर्ज किया है। निवारक कार्रवाई करते हुए उन्हें धारा 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। इसके अतिरिक्त, ढाबों में बैठकर सार्वजनिक रूप से शराब का सेवन कर रहे 7 अन्य व्यक्तियों पर भी पुलिस ने धारा 36(च) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की। पकड़े गए आरोपियों में दुर्ग और राजनांदगांव के निवासी शामिल हैं, जिनके नाम शेखर साहू, राहुल तामस्कर, शशांक वाजपेयी, पारस सिन्हा, आशीष अग्रवाल, प्रमोद साहू और सौरभ साहू हैं। पुलिस विभाग ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों पर नशा करने और अवैध रूप से शराब पिलाने की सुविधा देने वालों के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा।
<
