![]()
नीट पेपर लीक और प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर कांग्रेस ने शुक्रवार को बेमेतरा के राजीव भवन में प्रेस वार्ता कर केंद्र सरकार पर निशाना साधा। कांग्रेस नेताओं ने पेपर लीक की घटनाओं को छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ बताते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री से नैतिक आधार पर इस्तीफा देने की मांग की। कांग्रेस नेता प्रांजल तिवारी ने कहा कि देशभर में लगातार प्रतियोगी परीक्षाओं में गड़बड़ियां सामने आ रही हैं, जिससे लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि नीट पेपर लीक मामले से जुड़े तनाव और अव्यवस्थाओं के कारण कई छात्रों की जिंदगी प्रभावित हुई है। साथ ही उन्होंने कहा कि यदि केंद्रीय शिक्षा मंत्री अपने पद पर बने रहते हैं तो मामले की निष्पक्ष जांच संभव नहीं होगी, इसलिए उन्हें तत्काल इस्तीफा देना चाहिए। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पेपर लीक, भर्ती परीक्षाओं में देरी, बढ़ती बेरोजगारी और शिक्षा व्यवस्था की खामियों के विरोध में पार्टी प्रदेशव्यापी अभियान चला रही है। इस अभियान के माध्यम से छात्रों की आवाज को प्रदेशभर में उठाया जाएगा तथा सरकार से शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग की जाएगी। कांग्रेस ने कहा कि छात्रों के हितों की रक्षा और निष्पक्ष परीक्षा प्रणाली सुनिश्चित करने के लिए सरकार को ठोस कदम उठाने चाहिए, ताकि युवाओं का भविष्य सुरक्षित रह सके।
<
