![]()
राजनांदगांव जिले में कलेक्टर जितेंद्र यादव के निर्देश पर राजस्व विभाग के एक अधिकारी को निलंबित किया गया, वहीं अवैध ईंट भट्टे पर भी बड़ा एक्शन लिया गया। कलेक्टर जितेंद्र यादव ने शासकीय कार्यों में उदासीनता और उच्चाधिकारियों के आदेशों की अवहेलना के आरोप में राजस्व निरीक्षक मंडल खैरझिटी के अवधराम ठाकुर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। कलेक्टर ने की जिले भर में अलग-अलग कार्रवाई अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) की जांच में सामने आया कि ठाकुर ने सीमांकन के कई प्रकरणों को लंबे समय से बिना किसी प्रगति के रोके रखा था। संतोषजनक जवाब न मिलने पर यह कार्रवाई की गई। छत्तीसगढ़ सिविल सेवा नियम के तहत निलंबित किए गए अवधराम ठाकुर का मुख्यालय भू-अभिलेख शाखा राजनांदगांव नियत किया गया है। दूसरी कार्रवाई इसी क्रम में, ग्राम माहुलझोपड़ी में राजस्व और वन विभाग की संयुक्त टीम ने अवैध रूप से संचालित एक ईंट भट्टे पर छापा मारा। यह भट्टा दुर्गा बाई की भूमि पर दाऊ लाल द्वारा बिना अनुमति के चलाया जा रहा था। मौके से 3.20 लाख पक्की ईंटें, 1.60 लाख कच्ची ईंटें, 70 ट्रॉली मिट्टी और 6 ट्रॉली लकड़ी जब्त की गई। जब्त की गई लकड़ी को वन विभाग को सौंपा गया है, जबकि अन्य सामग्री को अग्रिम कार्रवाई तक ग्राम पंचायत गिरगांव की सुपुर्दगी में रखा गया है। इस कार्रवाई के दौरान नायब तहसीलदार चिराग रामटेके और रेंज ऑफिसर आकाश ठाकुर मौजूद थे। तीसरी कार्रवाई इसके अतिरिक्त, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत डोंगरगांव विकासखंड की अर्जुनी से मेढ़ा सड़क (2.50 किमी) के मेंटेनेंस में लापरवाही बरतने वाले ठेकेदार पर भी सख्त कार्रवाई की गई है। रूटीन मेंटेनेंस कार्य न करने के कारण ठेकेदार का कॉन्ट्रैक्ट टर्मिनेट कर दिया गया है। कार्यपालन अभियंता ने बताया कि ठेकेदार की राशि राजसात की जाएगी। ‘डिफेक्ट लाईबिलिटी’ के तहत जल्द ही पुर्ननिविदा निकालकर सड़क के नवीनीकरण का कार्य पूरा किया जाएगा।
<
