![]()
सोशल मीडिया के जरिए युवती को ब्लैकमेल कर रकम वसूलने की कोशिश करने वाले मुख्य आरोपी को जांजगीर-चांपा पुलिस ने बिहार से गिरफ्तार किया है। आरोपी युवती के आपत्तिजनक फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर 70 हजार रुपए की मांग कर रहा था। मामले में पुलिस पहले ही दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। सिटी कोतवाली जांजगीर में दर्ज शिकायत के अनुसार, पीड़िता की पहचान इंस्टाग्राम के माध्यम से बिहार निवासी अकबर खान से हुई थी। बातचीत बढ़ने के बाद आरोपी ने विश्वास में लेकर युवती के आपत्तिजनक फोटो और वीडियो हासिल कर लिए। 70 हजार रुपए की कर रहा था मांग आरोप है कि बाद में आरोपी ने इन्हीं फोटो और वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर युवती को ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि आरोपी लगातार उसे बदनाम करने की धमकी दे रहा था और 70 हजार रुपए की मांग कर रहा था। मानसिक रूप से परेशान होने के बाद युवती ने पूरे मामले की शिकायत पुलिस से की। साइबर जांच से बिहार तक पहुंची पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देश पर सिटी कोतवाली और नैला चौकी पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई। साइबर सेल की मदद से तकनीकी जांच और डिजिटल साक्ष्यों का विश्लेषण किया गया। जांच के दौरान आरोपी की लोकेशन बिहार के रोहतास जिले में मिली। इसके बाद पुलिस टीम बिहार रवाना हुई और अमझोर थाना क्षेत्र के ग्राम चूरेसर में दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में कबूला अपराध गिरफ्तार आरोपी अकबर खान (20) ने पूछताछ में युवती को फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने की बात स्वीकार कर ली। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में इस्तेमाल मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया है। दो आरोपी पहले ही जा चुके हैं जेल पुलिस के अनुसार, इस मामले में जांजगीर निवासी प्रेम कुमार सूर्यवंशी और शिवम भवानी को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा जा चुका है। अब मुख्य आरोपी अकबर खान को भी न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस ने कहा है कि सोशल मीडिया के माध्यम से होने वाले साइबर अपराधों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी है और ऐसे मामलों में शिकायत मिलने पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी।
<
