![]()
बिलासपुर में भाजपा पार्षद दल की बैठक में महापौर और पार्षद के बीच तीखी बहस हुई। शनिवार को जिला भाजपा कार्यालय में हुई इस बैठक में सफाई ठेके को लेकर महापौर पूजा विधानी और पार्षद रंगा नादम आमने-सामने आ गए। विवाद इतना बढ़ा कि महापौर ने पार्षद पर कांग्रेस से सांठगांठ के आरोप लगाए। पार्षद रंगा नादम ने महापौर के आरोपों का पलटवार करते हुए कहा कि महापौर खुद कांग्रेस से भाजपा में आई हैं। हालांकि महापौर पूजा विधानी ने बैठक में किसी भी विवाद या आरोप-प्रत्यारोप से इनकार किया है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा पार्षद दल में पूरी एकजुटता है और विवाद की कोई गुंजाइश नहीं है। सफाई ठेके की दर बढ़ाने पर महापौर ने बताया कि पिछले स्वच्छता सर्वेक्षण में बिलासपुर दूसरे स्थान पर था। शहर को पहले स्थान पर लाने के उद्देश्य से लायंस सर्विसेज के सफाई ठेके की दर में 5 प्रतिशत की बढ़ोतरी कर उसे एक साल के लिए आगे बढ़ाया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह निर्णय विधायक की सहमति से लिया गया है। भाजपा पार्षद दल की बैठक में असंतोष उभरा भाजपा पार्षद दल की बैठक में असंतोष खुलकर सामने आया। हल्के आरोप-प्रत्यारोप के कारण स्थिति असहज हो गई। इसके बाद नगर विधायक अमर अग्रवाल ने पार्षदों को सख्त हिदायत दी। इसी कारण रंगा नादम ने पूरे मामले में चुप्पी साध ली। दोपहर में कॉल करने पर उनके बेटे ने बताया कि वह फोन घर पर चार्जिंग में छोड़कर गए हैं। कोई विधायक नहीं पहुंचे, जिलाध्यक्ष ने मामला संभाला बजट बैठक से पहले भाजपा पार्षद दल की बैठक बुलाई जाती है ताकि सभी प्रस्ताव बहुमत से पारित हो सकें। पिछली बैठक में नगर विधायक अमर अग्रवाल, धर्मजीत सिंह, धरमलाल कौशिक, सुशांत शुक्ला अलग-अलग कारणों से मौजूद नहीं रहे। विधायकों की अनुपस्थिति में पार्षद दल के भीतर मतभेद सतह पर आ गए। विवाद बढ़ने पर जिलाध्यक्ष दीपक सिंह ने हस्तक्षेप कर स्थिति को शांत कराया। उन्होंने कहा कि अगली बैठक में सभी प्रस्ताव एकजुटता के साथ बहुमत से पारित करने होंगे। नोकझोंक के सवाल पर उन्होंने किसी भी तरह के विवाद से इनकार किया। सफाई व्यवस्था को लेकर नाराजगी बैठक में जैसे ही रंगा नादम ने खराब सफाई व्यवस्था का मुद्दा उठाया, माहौल गरमा गया। उन्होंने लायंस सर्विसेज को 48 लाख रुपए सालाना ठेका 5 प्रतिशत बढ़ाकर देने पर आपत्ति जताई। उनका कहना था कि ठेकेदार के कर्मचारी पार्षदों से संपर्क नहीं करते, न ही सड़कों या फुटपाथ से कचरा और गोबर उठाया जाता है। इसके बाद कई पार्षदों ने भी सफाई व्यवस्था को लेकर असंतोष जताया। देखते ही देखते चर्चा तीखी बहस में बदल गई। पेट्रोल पंप संचालन पर भी सवाल बैठक में एमआईसी सदस्य विजय ताम्रकार ने नगर निगम के पेट्रोल पंप का संचालन ठेके पर देने पर आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि बिना नियम तय किए, शर्तें स्पष्ट किए बिना, बकाया राशि की वसूली किए बिना इस तरह ठेका देना उचित नहीं है।
<
