167 सरकारी स्कूलों में न्योता भोज, बच्चों के साथ पालकों और ग्रामीणों ने भी किया भोजन

दंतेवाड़ा| कटेकल्याण ब्लॉक के 135 प्राथमिक एवं 32 माध्यमिक समेत कुल 167 शासकीय विद्यालयों में एक साथ न्योता भोज का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालयों में विद्यार्थियों, अभिभावकों, जनप्रतिनिधियों तथा ग्रामवासियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। सभी ने एक साथ बैठकर मध्यान्ह भोजन ग्रहण किया तथा बच्चों के पोषण, नियमित उपस्थिति और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। न्यौता भोज के माध्यम से विद्यालय और समुदाय के बीच आपसी जुड़ाव को मजबूत करने का प्रयास किया गया। खंड शिक्षा अधिकारी गोपाल पांडे ने बताया कार्यक्रम का उद्देश्य मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता के प्रति विश्वास बढ़ाना, बच्चों के पोषण को प्रोत्साहित करना तथा शिक्षा के प्रति सामाजिक सहभागिता को बढ़ावा देना रहा। पूरे ब्लाक के सभी विद्यालयों में यह आयोजन उत्साह और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। शिक्षा विभाग द्वारा न्यौता भोज और स्कूलों में दूसरे आयोजन कर बच्चों को स्कूल से जोड़ने प्रयास किया जा रहा है।
Source link




