मनेन्द्रगढ़ में लगातार चोरी, महिलाएं लाठी लेकर कर रहीं पहरेदारी:रेलवे कॉलोनी, चैनपुर और मौहारपारा में सबसे ज्यादा चोरी, एसपी कार्यालय घेराव की चेतावनी

![]()
मनेन्द्रगढ़ शहर में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। रेलवे कॉलोनी की महिलाएं अब रात में लाठी-डंडे लेकर पहरेदारी कर रही हैं। कॉलोनीवासियों ने पुलिस प्रशासन को एक सप्ताह का अल्टीमेटम देते हुए चोरियों का जल्द खुलासा करने और आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की है। महिलाओं ने चेतावनी दी है कि कार्रवाई नहीं हुई तो वे एसपी कार्यालय का घेराव करेंगी। रेलवे कॉलोनी में 15 दिन में 5 चोरी का दावा स्थानीय लोगों के मुताबिक, रेलवे कॉलोनी में पिछले 15 दिनों में 5 चोरी की घटनाएं हुई हैं। वहीं चैनपुर इलाके में 10 दिनों के भीतर 6 चोरियों का दावा किया जा रहा है। मौहारपारा क्षेत्र में भी लगातार चोरी की घटनाएं सामने आने की बात कही गई है। इन घटनाओं से परेशान महिलाओं ने बैठक कर रात में जागकर पहरा देने का फैसला किया। उनका आरोप है कि चोरी की सूचना देने के बाद भी कई बार पुलिस समय पर मौके पर नहीं पहुंचती। इससे लोगों में पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर नाराजगी बढ़ रही है। एक हफ्ते में गिरफ्तारी नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी महिलाओं का कहना है कि लगातार चोरी के कारण परिवारों में डर का माहौल है और लोग अपने घरों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। उन्होंने पुलिस को एक सप्ताह का समय देते हुए चोरों की गिरफ्तारी और चोरी की घटनाओं का खुलासा करने की मांग की है। उनका कहना है कि तय समय में कार्रवाई नहीं हुई तो एसपी कार्यालय का घेराव किया जाएगा। साथ ही चोरी पर रोक नहीं लगी तो आंदोलन को और तेज करने की चेतावनी दी गई है। कॉलोनीवासियों ने रात की गश्त बढ़ाने, पुराने मामलों का जल्द खुलासा करने और पुलिस की मौजूदगी बढ़ाने की मांग की है। पार्षद ने CCTV देने के बाद कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाया मौहारपारा वार्ड नंबर 5 के पार्षद इमरान खान ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर सिटी कोतवाली पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि चोरी से जुड़े सबूत और CCTV फुटेज पुलिस को उपलब्ध कराने के बावजूद कार्रवाई नहीं की जा रही। स्थानीय लोगों ने शहर में नशीले पदार्थों की कथित बढ़ती बिक्री को भी चोरी की घटनाओं से जोड़ते हुए जांच की मांग की है। पुलिस बोली- दो महीने पेट्रोलिंग प्रभावित रही सिटी कोतवाली प्रभारी विवेक पाटले ने माना कि पिछले दो महीनों में चोरी की घटनाओं में बढ़ोतरी हुई है। उन्होंने बताया कि इस दौरान पुलिस की पेट्रोलिंग गाड़ी खराब होने और अधिक बारिश के कारण शहर में नियमित गश्त प्रभावित हुई थी। उन्होंने कहा कि अब पुलिस को पेट्रोलिंग वाहन उपलब्ध हो गया है और शहर में गश्त बढ़ाई गई है। चोरी की घटनाओं पर निगरानी और कार्रवाई जारी है।
Source link




