![]()
भिलाई में एक कॉलेज छात्र ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। छात्र का शव करीब 10 साल से बंद पड़े एक बीएसपी स्कूल सीेक्टर 4 परिसर में फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। मौके से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है। मृतक की पहचान दीपांशु वर्मा (22) के रूप में हुई है। वह कल्याण कॉलेज का छात्र था। दीपांशु के पिता बीएसपी कर्मचारी हैं। परिजनों के मुताबिक, दीपांशु रोज की तरह घर से निकला था, लेकिन देर तक वापस नहीं लौटा। इसके बाद उसकी तलाश शुरू की गई। इसी दौरान जानकारी मिली कि बीएसपी सेक्टर-4 स्थित बंद पड़े स्कूल परिसर में एक युवक का शव लटका हुआ है। सूचना पर परिवार और पुलिस मौके पर पहुंचे, जहां शव की पहचान दीपांशु के रूप में की गई। पुलिस को घटनास्थल से एक सुसाइड नोट भी मिला है। नोट में लिखा था – “मुझसे नफरत करने के लिए धन्यवाद।” हालांकि, नोट में किसी व्यक्ति का नाम या आत्महत्या के पीछे का स्पष्ट कारण नहीं लिखा गया है। परिजनों ने बताया कि घर से निकलने से पहले दीपांशु ने अपनी मां से 100 रुपए मांगे थे। उस समय मां नींद में थीं और उन्होंने इस पर ध्यान नहीं दिया। इसके बाद वह घर से निकल गया। परिवार को अंदाजा नहीं था कि वह इतना बड़ा कदम उठा लेगा। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है और सुसाइड नोट समेत अन्य पहलुओं के आधार पर आत्महत्या के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
<
