![]()
दुर्ग में छत्तीसगढ़ के शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने राज्य में मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर चल रही अटकलों को सिरे से खारिज कर दिया है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी में सब कुछ सामान्य है और “ऑल इज वेल”। मीडिया में चल रही चर्चाओं को उन्होंने केवल सनसनी फैलाने और व्यू बढ़ाने का प्रयास बताया। दुर्ग के बीआईटी कॉलेज में आयोजित “बढ़ता भारत, बदलता भारत” प्रबुद्धजन सम्मेलन के बाद पत्रकारों से चर्चा करते हुए शिक्षा मंत्री ने 18 जून को हुई कैबिनेट बैठक के बाद उठे कयासों को निराधार बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा की कार्यशैली अन्य राजनीतिक दलों से अलग है और पार्टी में सत्ता तथा संगठन के बीच बेहतर तालमेल है। “अगर कुछ होता तो चेहरे पर दिखता” मंत्री गजेंद्र यादव ने कहा कि लोग बेवजह अटकलें लगा रहे हैं। उन्होंने कहा, “सिर्फ न्यूज़ बनाने और व्यू बढ़ाने के लिए कई तरह की बातें कही जा रही हैं। यदि मंत्रिमंडल विस्तार जैसा कोई विषय होता, तो वह मेरे चेहरे पर भी नजर आता।” अचानक कैबिनेट बैठक पर दी सफाई 18 जून की रात आयोजित कैबिनेट बैठक को लेकर उठे सवालों पर मंत्री ने कहा कि इसके पीछे पूरी तरह प्रशासनिक कारण थे। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आगामी दिनों में प्रवास पर रहने वाले थे। इसके अलावा संगठन के वरिष्ठ नेताओं के दौरे और मंत्रियों के जिला स्तरीय कार्यक्रम भी निर्धारित थे। यादव ने कहा कि उस दिन सभी मंत्री उपलब्ध थे, इसलिए कैबिनेट बैठक आयोजित की गई। उन्होंने स्पष्ट किया कि बैठक को लेकर अनावश्यक राजनीतिक अर्थ निकाले जा रहे हैं। कांग्रेस पर साधा निशाना सत्ता और संगठन के बीच तालमेल को लेकर पूछे गए सवाल पर शिक्षा मंत्री ने कांग्रेस पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि सत्ता और संगठन में समन्वय की कमी कांग्रेस की संस्कृति हो सकती है, लेकिन भाजपा में ऐसा कभी नहीं रहा। उन्होंने कहा, “हम सरकार में भले मंत्री हों, लेकिन सबसे पहले भाजपा के कार्यकर्ता हैं। हम लगातार संगठन और वरिष्ठ नेताओं के मार्गदर्शन में कार्य करते हैं।” मोदी सरकार के 12 वर्ष पर हुआ सम्मेलन भाजपा द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर “बढ़ता भारत, बदलता भारत” अभियान के तहत प्रबुद्धजन सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में केंद्रीय जनजातीय कार्य राज्य मंत्री दुर्गादास उईके मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में सांसद विजय बघेल, जिला भाजपा अध्यक्ष सुरेंद्र कौशिक, विधायक ललित चंद्राकर, जिला पंचायत अध्यक्ष सरस्वती बंजारे, महापौर अलका बाघमार, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष प्रीतपाल बेलचंदन सहित बड़ी संख्या में प्रबुद्धजन मौजूद रहे। “जनविश्वास और विकास की राजनीति के 12 वर्ष” केंद्रीय राज्य मंत्री दुर्गादास उईके ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के नए आयाम स्थापित किए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने गरीबों, किसानों, युवाओं और महिलाओं को केंद्र में रखकर योजनाएं संचालित की हैं। उईके ने कहा कि मोदी सरकार ने विकास के साथ-साथ देश की सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत को भी नई पहचान दिलाई है। बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर से जुड़े पंचतीर्थों का विकास, बिरसा मुंडा जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मान्यता और स्टैच्यू ऑफ यूनिटी जैसे प्रयास इसके उदाहरण हैं।
<
