![]()
राजधानी रायपुर के भारत माता स्कूल इलाके में 200 KVA के ट्रांसफॉर्मर में अचानक आग लग गई। इस घटना के बाद इलाके की बिजली सप्लाई बंद हो गई। फिलहाल आग लगने का कारण पता नहीं चल पाया है। तकनीकी टीम इसकी जांच कर रही है। जैसे ही घटना की जानकारी मिली, बिजली विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। टीम ने ट्रांसफॉर्मर और अन्य उपकरणों की जांच शुरू कर दी है और बिजली सप्लाई को जल्द से जल्द बहाल करने का काम तेजी से जारी है। अधिकारियों के अनुसार, जल्द ही इलाके में बिजली आपूर्ति फिर से सामान्य कर दी जाएगी। अधिकारियों ने बताया कि शुरुआती जांच में ओवरलोडिंग (ज्यादा बिजली लोड) को आग लगने की वजह माना जा रहा है। नॉर्थ ज़ोन के ईई रामकुमार साहू ने कहा कि गर्मियों में बिजली की मांग अचानक बढ़ जाती है, जिससे ट्रांसफॉर्मर पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है। इस कारण ओवरहीटिंग की स्थिति बनती है और आग लगने जैसी घटनाएं हो सकती हैं। हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वास्तविक कारण जांच के बाद ही सामने आएगा।
<
