NSUI President Neeraj Pandey Fraud Controversy

रायपुर34 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

छत्तीसगढ़ NSUI के प्रदेश अध्यक्ष नीरज पांडेय के खिलाफ एक युवक ने 29 लाख रुपए से अधिक की ठगी की शिकायत की है। युवक ने अपना नाम पुरानी बस्ती थाना निवासी राजू सोनकर बताया है।

पीड़ित राजू सोनकर ने छत्तीसगढ़ के डिप्टी सीएम और रायपुर कमिश्नर को शिकायत की है।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि अलग-अलग काम दिलाने का भरोसा देकर उससे कई बार रकम ली गई, लेकिन बताए गए काम पूरे नहीं किए गए। इनमें सिप्ला कंपनी की एजेंसी/डीलरशिप, DKS अस्पताल में नौकरी, कैंटीन का ठेका और रेत खदान दिलाने जैसे दावे शामिल हैं। नीरज पांडेय ने इन आरोपों को गलत बताया है।

एनएसयूआई प्रदेश अध्यक्ष सहित उनके भाई और चाचा पर पीड़ित ने आरोप लगाया है।
भाई और चाचा पर भी लगाए आरोप
शिकायत में नीरज पांडेय के साथ उनके भाई दीपक पांडेय और चाचा इंद्रासन पांडेय के नाम भी शामिल किए गए हैं।
युवक का दावा है कि उसे अपनी पत्नी के लिए मंत्रालय में नौकरी दिलाने और रेत खदान का काम दिलाने का भी भरोसा दिया गया था। इसके अलावा सिप्ला कंपनी की एजेंसी या डीलरशिप दिलाने की बात कहकर भी रकम लिए जाने का आरोप है।
शिकायतकर्ता ने पुलिस को दिए आवेदन में अलग-अलग भुगतान और बैंक ट्रांजेक्शन का भी उल्लेख किया है। उसका कहना है कि रकम देने के बाद जब काम पूरा नहीं हुआ तो उसने संबंधित लोगों से पैसे वापस करने की मांग की, लेकिन उसे राहत नहीं मिली।


डिप्टी सीएम और पुलिस कमिश्नर से की शिकायत
युवक ने मामले को लेकर रायपुर पुलिस कमिश्नर से शिकायत की है। इसके बाद डिप्टी सीएम कार्यालय में आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है।
शिकायतकर्ता ने अपने आवेदन में यह भी कहा है कि उसे अपनी सुरक्षा को लेकर डर है। उसने आशंका जताई कि यदि उसके साथ कोई अप्रिय घटना होती है तो इसके लिए नीरज पांडेय, उनके भाई दीपक पांडेय और चाचा इंद्रासन पांडेय जिम्मेदार होंगे।
फिलहाल मामला शिकायत और लगाए गए आरोपों पर आधारित है। पुलिस की जांच और संबंधित पक्षों के बयान के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट होगी।






