Uncategorized

अपनी संस्कृति और संस्कारों से जुड़े नई पीढ़ी: पमशाला में मुख्यमंत्री साय

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने 22 नवंबर 2026 को जशपुर जिले के फरसाबहार विकासखंड के ग्राम पमशाला स्थित ईब नदी तट के श्री राधा-कृष्ण मंदिर (कंवर धाम) में आयोजित भजन-कीर्तन कार्यक्रम में अपनी धर्मपत्नी कौशल्या साय के साथ हिस्सा लिया। उन्होंने भगवान श्री राधा-कृष्ण की विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कार्तिक मास के इस धार्मिक आयोजन में सहभागिता निभाने वाली 62 कीर्तन मंडलियों को वाद्य यंत्र, ड्रेस और अन्य आवश्यक सामग्री के लिए आर्थिक सहायता देने की घोषणा की।

समाचार फोटो

यह कार्यक्रम कार्तिक मास के पावन अवसर पर आयोजित किया गया था, जिसका प्रारंभ 27 अक्टूबर को हुआ था और समापन 24 नवंबर को होगा। मुख्यमंत्री और कौशल्या साय ने कीर्तन मंडलियों के साथ मंजीरा बजाते हुए भक्ति में लीन होकर श्रद्धालुओं के साथ भजन-कीर्तन में सहभागिता निभाई, जिससे पूरे मंदिर परिसर का वातावरण भक्तिमय हो उठा। प्रतिदिन सुबह 8 बजे और शाम 5 बजे से होने वाले इन भजन-कीर्तन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होकर भगवान राधा-कृष्ण की आराधना कर रहे हैं।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री साय ने अपने संबोधन में कहा कि मानव जीवन अत्यंत दुर्लभ है और इसे व्यर्थ गंवाने के बजाय परोपकार, सेवा तथा जरूरतमंदों की सहायता में लगाना चाहिए। उन्होंने जोर दिया कि दूसरे के दुख-दर्द को समझना और उसकी जरूरत पूरी करना ही सबसे बड़ा धर्म है। उन्होंने यह भी कहा कि हमारी धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराएं समाज को एकजुट और मजबूत बनाती हैं, और नई पीढ़ी को आधुनिक शिक्षा व प्रगति के साथ अपनी संस्कृति एवं संस्कारों से भी जुड़े रहना चाहिए।

समाचार फोटो

मुख्यमंत्री ने पूरे कार्तिक महीने धार्मिक आयोजन में सहभागिता निभाने वाली सभी 62 कीर्तन मंडलियों के अध्यक्षों एवं सदस्यों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि 27 अक्टूबर से शुरू हुए इस आयोजन में पूरे महीने हजारों श्रद्धालुओं ने भगवान राधा-कृष्ण के सान्निध्य में भजन-कीर्तन कर आध्यात्मिक आनंद प्राप्त किया है। उन्होंने भजन-कीर्तन की परंपरा को जीवंत बनाए रखने की आवश्यकता पर बल दिया और कहा कि छत्तीसगढ़ की कर्मा, दमकच, झूमर और महादेव नाचा जैसी लोक सांस्कृतिक विधाएं हमारी पहचान और गौरव हैं, जिन्हें आने वाली पीढ़ी से जोड़कर रखना हम सभी की जिम्मेदारी है।

जिले में विकास और शिक्षा के क्षेत्र में हो रहे बदलावों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जशपुर में मेडिकल की पढ़ाई शुरू होना जिले के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि है। इससे स्थानीय युवाओं को अपने ही क्षेत्र में चिकित्सा शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने बताया कि शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं का विस्तार सरकार की प्राथमिकता है, और चिकित्सा शिक्षा की शुरुआत से जिले के विकास को नई दिशा मिलेगी तथा आने वाले समय में स्वास्थ्य सेवाएं भी और मजबूत होंगी।

समाचार फोटो

मुख्यमंत्री साय ने कंवर समाज के गौरवशाली इतिहास का भी उल्लेख किया और बताया कि समाज के लोगों ने स्वतंत्रता संग्राम में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने महान संत गहिरा गुरु महाराज के योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने अपना पूरा जीवन तपस्या, समाज सुधार और जनजातीय समाज को सही दिशा देने में समर्पित किया। गहिरा गुरु महाराज ने रामायण की शिक्षा के माध्यम से जनजातीय समाज में आध्यात्मिक चेतना जागृत की तथा लोगों को नशे और मांसाहार से दूर रहकर सदाचार का जीवन जीने की प्रेरणा दी।

उन्होंने कंवर धाम के केंद्रीय कार्यालय और सामाजिक गतिविधियों को आगे बढ़ाने में योगदान देने वाले दिवंगत समाजजनों को नमन किया और कहा कि उनके परिश्रम और योगदान को सदैव याद रखा जाएगा। मुख्यमंत्री ने यह भी उल्लेख किया कि सरकार “मोदी की गारंटी” के सभी वादों को पूरा कर रही है।

समाचार फोटो

समाचार फोटो

समाचार फोटो

समाचार फोटो

समाचार फोटो

समाचार फोटो

समाचार फोटो

समाचार फोटो

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button