बेची गई जमीन का फर्जी दस्तावेज से दोबारा किया सौदा:6 लाख की धोखाधड़ी में आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजा

![]()
जांजगीर-चांपा जिले की चांपा पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी रामगोपाल यादव उर्फ ननकीदाऊ पर फर्जी दस्तावेजों के आधार पर पहले से बेची गई जमीन को दोबारा बेचकर लाखों रुपए की धोखाधड़ी करने का आरोप है। उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। एएसपी यूलेंडन यॉर्क ने बताया कि कोटाडबरी निवासी गौकरण पटेल ने इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, जगदल्ला निवासी रामगोपाल यादव उर्फ ननकीदाऊ ने अपनी जमीन 6 लाख 350 रुपए में बेचने का सौदा किया था। तहसील कार्यालय में इकरारनामा तैयार हुआ और पटेल ने 50 हजार रुपए नकद और 5 लाख रुपए चेक के माध्यम से आरोपी और उसके बेटे को दिए। इसके बाद जमीन की रजिस्ट्री गौकरण पटेल की पत्नी के नाम पर करा दी गई। नामांतरण की प्रक्रिया के दौरान यह खुलासा हुआ कि आरोपी रामगोपाल यादव ने संबंधित जमीन को वर्ष 1996 में ही कोसमंदा निवासी एक व्यक्ति को बेच दिया था। उस समय नामांतरण नहीं होने का फायदा उठाकर आरोपी ने कथित तौर पर कूटरचित दस्तावेज तैयार किए। उसने जमीन की दूसरी प्रति हासिल कर उसी जमीन की दोबारा रजिस्ट्री कर दी थी। शिकायत के आधार पर चांपा पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। दस्तावेजों और गवाहों के बयानों के आधार पर आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी और कूटरचना के आरोप प्रमाणित हुए। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया। पुलिस ने मामले में किसान पुस्तिका सहित अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज भी जब्त किए हैं। मामले की आगे की जांच जारी है।
Source link




