![]()
राजनांदगांव जिले की लालबाग पुलिस ने एक बुजुर्ग महिला से लाखों रुपए की धोखाधड़ी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने निवेश के नाम पर महिला को कम समय में पैसा दोगुना करने का लालच देकर 5,42,000 रुपये की ठगी की थी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। प्रार्थिया फगनी बाई साहू (65 वर्ष), निवासी चमारराय टोलागांव ने थाना लालबाग में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। प्रार्थिया ने बताया कि आरोपी महेश राम वर्मा (49 वर्ष), निवासी मोतीपुर, ने खुद को बीमा और निवेश सलाहकार बताकर उसे झांसे में लिया। आरोपी ने वर्ष 2014, 2022 और 2023 के दौरान किस्तों में प्रार्थिया से कुल 5,42,000 रुपए वसूले। विश्वास जीतने के लिए उसने महिला को फर्जी बॉन्ड पेपर और दस्तावेज भी थमा दिए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच टीम का गठन किया। जांच के दौरान जब आरोपी से पूछताछ की गई, तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। जांच में पाया गया कि आरोपी ने पैसे ऐंठने के लिए फर्जी दस्तावेजों का सहारा लिया था। गिरफ्तार आरोपी की पहचान महेश राम वर्मा, पिता लिखन राम वर्मा, उम्र 49 वर्ष, निवासी मोतीपुर तालाब के पास, वार्ड क्रमांक 02, थाना कोतवाली, जिला राजनांदगांव के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 165/2026 के तहत धारा 420 (धोखाधड़ी), 467, 468 (जालसाजी) भादवि के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी को 7 मई को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि क्या आरोपी ने अन्य लोगों को भी अपना शिकार बनाया है।
<
