![]()
भारतीय डाक विभाग, बिलासपुर संभाग द्वारा आम नागरिकों की सुविधा के लिए 30 मई, शनिवार को विशेष आधार शिविरों का आयोजन किया गया है। ये शिविर विभिन्न क्षेत्रों जैसे सामुदायिक भवन सुखापाली डभरा, ग्राम मिरोनी लतेसरा चंद्रपुर, ग्राम पंचायत मदनपुर कटघोरा, ग्राम पंचायत भवन बगाबुडा भैसमा और बरखदान देवरीखुर्द बिलासपुर में सुबह 10 बजे से आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में नया आधार कार्ड बनवाने के साथ-साथ पुराने आधार कार्ड में पता, मोबाइल नंबर, जन्मतिथि, नाम, ईमेल और बायोमेट्रिक अपडेट जैसे सुधार भी कराए जा सकते हैं। 5 से 17 वर्ष की आयु के बच्चों का आधार पंजीयन निःशुल्क होगा। बिलासपुर संभाग के प्रवर अधीक्षक डाकघर ने बताया कि 5 वर्ष और 15 वर्ष की आयु पूरी होने पर बच्चों का बायोमेट्रिक अपडेशन अनिवार्य है। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की है कि वे इस अवसर का लाभ उठाकर स्वयं और अपने बच्चों का आधार नामांकन व अपडेशन समय पर कराएं। इसके अलावा बिलासपुर संभाग के अलग-अलग जिलों के डाकघरों में भी आधार से जुड़ी सेवाएं मिल रही हैं। बिलासपुर जिले में बिलासपुर आरएस, बिल्हा, कोनी, एसईसीएल, रतनपुर, तखतपुर, लोरमी और करगीरोड उपडाकघर में यह सुविधा उपलब्ध है। गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में पेंड्रा और पेंड्रा रोड, मुंगेली जिले में मुंगेली, जांजगीर जिले में प्रधान डाकघर जांजगीर, मालखरोदा और अकलतरा तथा सक्ती जिले में सक्ती, डभरा और चंद्रपुर उपडाकघर में आधार सेवाएं दी जा रही हैं। ये सभी सेवाएं सोमवार से शनिवार तक सुबह 10 बजे से उपलब्ध रहती हैं। प्रधान डाकघर बिलासपुर में सामान्य दिनों में आधार संबंधी सुविधा सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक उपलब्ध है। इन केंद्रों पर नया आधार कार्ड बनवाने के साथ-साथ पता, मोबाइल नंबर, जन्मतिथि, नाम, बायोमेट्रिक एवं ईमेल अपडेट जैसे कार्य कराए जा सकते हैं।
<
