![]()
कोरबा जिले के पाली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में गुरुवार रात जमकर हंगामा हुआ। नशे में धुत तीन युवकों ने ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर और नर्सों से बदसलूकी की। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है। जानकारी के अनुसार, तीनों युवक नशे की हालत में एक मरीज को इलाज के लिए पाली CHC लेकर पहुंचे थे। वहां समय पर इलाज न मिलने और डॉक्टर के मौजूद न होने का आरोप लगाते हुए उन्होंने हंगामा शुरू कर दिया। देखते ही देखते बहस गाली-गलौज और धमकी में बदल गई। युवकों ने ड्यूटी पर मौजूद महिला नर्सों और डॉक्टर से अभद्रता की। अस्पताल में मौजूद मरीज और उनके परिजन इस घटना से सहम गए, जिससे पूरे परिसर में अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि हंगामा करने वाले तीनों आरोपी युवक ग्राम नुनेरा और बनबाँधा के रहने वाले हैं। घटना से आक्रोशित डॉक्टर और नर्स स्टाफ शुक्रवार को पाली थाना पहुंचे और लिखित शिकायत दर्ज कराई। स्वास्थ्य कर्मियों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द गिरफ्तारी नहीं हुई तो वे आंदोलन करेंगे। पीड़ित स्टाफ की शिकायत पर पाली पुलिस हरकत में आई है। पुलिस ने इस मामले में कुछ युवकों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। पाली थाना पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो और स्टाफ के बयान के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से स्वास्थ्य कर्मियों में डर का माहौल है। डॉक्टरों का कहना है कि रात की ड्यूटी में सुरक्षा के कोई पुख्ता इंतजाम नहीं हैं, जिससे उनकी सुरक्षा पर सवाल उठ रहे हैं।
<
