![]()
कोंडागांव जिले के फरसगांव थाना क्षेत्र के ग्राम पाटला में शुक्रवार सुबह एक युवती पर भालू ने हमला कर दिया। इस हमले में युवती के हाथ में गंभीर चोट आई है, जिसके बाद उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। जानकारी के अनुसार, ग्राम पाटला निवासी संजूला नेताम (27 वर्ष) शुक्रवार सुबह करीब 7 बजे अपने घर के पास स्थित खेत में मक्का तोड़ने गई थी। इसी दौरान खेत के आसपास छिपे एक भालू ने उन पर अचानक हमला कर दिया। युवती ने बचाव का प्रयास किया और शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों को आता देख भालू जंगल की ओर भाग गया। संजूला नेताम के हाथ में गंभीर चोटें आई हैं। परिजनों और ग्रामीणों की मदद से उन्हें तत्काल फरसगांव स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और क्षेत्र में जांच शुरू कर दी। वन विभाग ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दे रहा है। बताया जा रहा है कि पिछले कुछ समय से क्षेत्र में भालुओं की आवाजाही बढ़ गई है, जिससे ग्रामीणों में भय का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि अब उन्हें सुबह और शाम के समय खेतों या जंगल किनारे जाने में डर लगता है। उन्होंने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और वन्यजीवों की गतिविधियों पर निगरानी रखने की मांग की है।
<
