![]()
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में अलग-अलग सड़क हादसों में 4 लोगों की मौत हो गई। कार सवार महासमुंद के डॉक्टर ने ऑटो को टक्कर मार दी जिससे एक महिला की मौत हो गई। जबकि ऑटो ड्राइवर समेत 4 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं बारातियों से भरी स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में एक महिला की जान चली गई और 13 लोग घायल हो गए। एक अन्य घटना में बारातियों को लेकर जा रही पिकअप मोड़ पर बेकाबू होकर पलट गई, जिसमें एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 12 बाराती घायल हो गए। इसके अलावा तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी, जिससे उसकी भी जान चली गई। ये सभी घटनाएं तोरवा, तखतपुर, सीपत और मस्तूरी थाना क्षेत्रों की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है, जबकि घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अब सिलसिलेवार पढ़िए चारों घटनाक्रम… केस- 1 डॉक्टर को आई झपकी, सवारी ऑटो को मारी टक्कर महासमुंद जिले के बसना क्षेत्र के ग्राम जम्हनीडीह निवासी टिकेंद्र प्रसाद पटेल (29) सिम्स मेडिकल कॉलेज में सर्जरी विभाग में पदस्थ हैं और पीजी की पढ़ाई भी कर रहे हैं। रविवार को छुट्टी होने के कारण वे अपने घर गए थे। सोमवार को ड्यूटी होने के चलते वे महासमुंद से बिलासपुर के लिए रवाना हुए थे। इस दौरान जब उनकी कार लालखदान ओवरब्रिज के पास पहुंची, तभी उन्हें झपकी आ गई। इसके कारण उनकी कार (सीजी 04 पीए 3294) अनियंत्रित होकर सामने से आ रही कार से टकरा गई और फिर सीधे एक ऑटो से जा भिड़ी। महिला की मौत, चालक समेत चार घायल टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऑटो में सवार मस्तूरी के धनगंज निवासी बीरस बाई डहरिया (50), की मौत हो गई। ऑटो ड्राइवर के दोनों पैर टूट गए, जबकि महिला के साथ सवार अन्य तीन लोग भी गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर लोगों ने डॉक्टर को घेर लिया। इसी दौरान पुलिस वहां पहुंची और डॉक्टर को थाने ले गई। टीआई रजनीश सिंह ने बताया कि ब्रीथ एनालाइजर जांच में रिपोर्ट निगेटिव आई है। फिलहाल कार को जब्त कर लिया गया है और डॉक्टर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। गुजरात से लौट रहे थे मजदूर बीरस बाई डहरिया कमाने के लिए गुजरात गई थी। सोमवार को वह बिलासपुर पहुंची थी और रेलवे स्टेशन से ऑटो में सवार होकर अपने गांव मस्तूरी के धनगवां जा रही थी, लेकिन रास्ते में हुए हादसे में उनकी मौत हो गई। ऑटो में उनके साथ बैठी अन्य महिलाओं की हालत भी गंभीर बताई जा रही है। केस- 2 बारातियों से भरी स्कॉर्पियो पलटी, महिला की मौत कोटा से मुंगेली के पंडातराई जा रही बारातियों से भरी स्कॉर्पियो सोमवार को नगचुई के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि 13 लोग घायल हो गए। पुलिस के अनुसार स्कॉर्पियो जैसे ही जूनापारा के नगचुई गांव के पास पहुंची, तभी सामने अचानक एक साइकिल सवार आ गया। उसे बचाने के प्रयास में चालक ने अचानक ब्रेक लगाया, जिससे तेज रफ्तार वाहन का संतुलन बिगड़ गया और स्कॉर्पियो सड़क पर तीन-चार बार पलट गई। राहगीरों ने की मदद, घायलों को भेजा अस्पताल राहगीरों की मदद से सभी घायलों को बाहर निकाला गया। गंभीर रूप से घायल सुशीला मानिकपुरी (निवासी घोरामार) को कोटा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घायलों में मेलूदास (निवासी लमकेना), अखिलेश (निवासी सिरगिट्टी) और बखान दास (निवासी कोटा) की हालत गंभीर बताई गई है। बाकी घायलों का इलाज जारी है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि स्कॉर्पियो में क्षमता से अधिक लोगों को सवार किया गया था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। केस- 3 बाराती लेकर जा रही पिकअप भी पलटी बारातियों से भरी तेज रफ्तार पिकअप मोड़ पर अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 12 बाराती घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार रतनपुर के ग्राम उमरिया दादर से रविवार शाम सीपत के ग्राम कारीछापर बारात आई थी। देर रात बाराती पिकअप (CG 12 AX 9589) में सवार होकर वापस उमरिया दादर के लिए निकले थे। गाड़ी में 25 से अधिक बाराती सवार थे। तेज रफ्तार पिकअप जैसे ही ग्राम कर्मा बसहा मोड़ के पास पहुंची, चालक ने नियंत्रण खो दिया और वाहन अनियंत्रित होकर मोड़ पर पलट गया। हादसे में उमरिया दादर निवासी राम झूल सिंह (40) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं पिकअप के पीछे बैठे 12 लोग घायल हो गए। केस- 4 शादी से लौट रहे युवक को कार ने मारी टक्कर सीपत नयापारा निवासी गौतम यादव (24) अपने परिवार के साथ नयापारा ढेका तोरवा अपने भांजे की शादी में शामिल होने गया था। वह अपनी बाइक (CG 10 BK 6610) से अपनी बहन कौशिल्या यादव को घर छोड़ने के लिए निकला था। दोपहर करीब 2 बजे जब वह रलिया के पास पहुंचा, तभी सामने से आ रही सफेद रंग की कार (CG 12 BP 5061) के चालक ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उसे टक्कर मार दी। भाई राजेश यादव ने पुलिस को बताया कि दोपहर 2:30 बजे उसने गौतम को फोन किया, तो किसी अनजान व्यक्ति ने फोन उठाकर हादसे की जानकारी दी। इसके बाद उसे तत्काल एम्बुलेंस से सीएचसी मस्तूरी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार और बाइक दोनों के आगे के हिस्से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं। फिलहाल, पुलिस आरोपी कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर उसकी तलाश में जुट गई है। ………………………… इससे जुड़ी यह खबर भी पढ़िए… ट्रक ने युवक-युवती को कुचला…मौत का LIVE VIDEO: लड़के ने तोड़ा दम, लड़की घायल, महाराष्ट्र में छत्तीसगढ़ के 2 की मौत, 3 की हालत गंभीर छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार युवक-युवती को कुचल दिया। हादसे में युवक की मौत हो गई, जबकि युवती गंभीर रूप से घायल है। हादसा CCTV कैमरे में कैद हो गया, जिसका फुटेज भी सामने आया है। मामला अकलतरा थाना क्षेत्र का है। पढ़ें पूरी खबर…
<
