टॉप न्यूज़

बिलासपुर में फर्जी सर्पदंश घोटाला…डॉक्टर फरार:सिम्स में तीन दर्जन से ज्यादा पीएम रिपोर्ट अटकी, बीमा क्लेम से लेकर पुलिस केस में जमानत तक लंबित




बिलासपुर में फर्जी सर्पदंश घोटाले के आरोपी और सिम्स के फॉरेंसिक विभाग के तत्कालीन डॉक्टर डॉ. एसएन गोले फरार हैं। उनके फरार होने का असर अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर भी पड़ रहा है। डॉ. गोले के किए गए तीन दर्जन से ज्यादा पोस्टमार्टम की रिपोर्ट अब तक लंबित हैं। रिपोर्ट लेने के लिए मृतकों के परिजन सिम्स की पुलिस चौकी और फॉरेंसिक विभाग के चक्कर लगा रहे हैं। इनमें जांजगीर, मुंगेली और आसपास के जिलों के लोग भी शामिल हैं। डॉ. गोले के लंबे समय से गायब रहने का असर पुलिस की कई मामलों की जांच पर भी पड़ रहा है। बताया जा रहा है कि इन मामलों में पोस्टमार्टम डॉ. गोले ने ही किए थे। अब उनकी तैयार की गई पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर उन्हीं के हस्ताक्षर की जरूरत होने के कारण कानूनी अड़चन सामने आ रही है। डॉ. गोले पिछले दो महीने से सिम्स नहीं आ रहे हैं। उनकी जगह दूसरे डॉक्टर विभाग का काम संभाल रहे हैं, लेकिन पुराने पोस्टमार्टम की रिपोर्ट जारी करने को लेकर वे असमर्थता जता रहे हैं। सर्पदंश घोटाले में नाम, फर्जी पीएम रिपोर्ट बनाने में अहम भूमिका डॉ. एसएन गोले सर्पदंश से मौत के फर्जी दस्तावेज तैयार करने के मामले में आरोपी हैं और फिलहाल फरार बताए जा रहे हैं। इस मामले में अब तक दो दर्जन लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि कई आरोपी अभी भी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। पुलिस डॉ. गोले की तलाश कर रही है। पुलिस के मुताबिक डॉक्टर के पकड़े जाने के बाद उनके द्वारा किए गए पुराने पोस्टमार्टम की रिपोर्ट तैयार कराने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। साथ ही यह भी देखा जा रहा है कि लंबित रिपोर्ट के कारण किसी पुलिस जांच या कानूनी प्रक्रिया पर प्रतिकूल असर न पड़े। रिपोर्ट नहीं मिली तो अटके कई जरूरी काम पोस्टमार्टम रिपोर्ट सिर्फ पुलिस जांच के लिए ही जरूरी नहीं होती, बल्कि कई मामलों में मृतक के परिजनों को इसके आधार पर आगे की कानूनी और आर्थिक प्रक्रिया पूरी करनी होती है। रिपोर्ट लंबित होने के कारण एलआईसी क्लेम, दुर्घटना बीमा और अन्य दावों में परेशानी आ रही है। वहीं, पुलिस प्रकरणों में भी पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिससे आरोपियों की जमानत से जुड़ी कार्रवाई प्रभावित होने की बात सामने आ रही है। सबसे ज्यादा परेशानी उन परिवारों को हो रही है, जिनके मृतक का पोस्टमार्टम सिम्स में हुआ था। डीन बोले- दूसरे डॉक्टर की लगाई गई है ड्यूटी सिम्स के डीन डॉ. रमणेश मूर्ति का कहना है कि डॉ. गोले कई सप्ताह से सिम्स नहीं आ रहे हैं। उनकी जगह दूसरे डॉक्टर संबंधित विभाग की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। लेकिन जिन शवों का पोस्टमार्टम डॉ. गोले ने किया है, उनकी रिपोर्ट वही दे सकते हैं। पुलिस कर रही है तलाश, कानूनी सलाह लेने की तैयारी एडिशनल एसपी पंकज पटेल ने कहा कि फरार डॉक्टर की तलाश की जा रही है। उनके पकड़े जाने के बाद पुराने पोस्टमार्टम की रिपोर्ट तैयार कराने की प्रक्रिया होगी। साथ ही इस वजह से किसी जांच पर असर न पड़े, इसके लिए आवश्यक वैधानिक रास्ता भी तलाशा जा रहा है। इसके लिए कानूनी सलाह लेकर कार्रवाई की जाएगी।



Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button