नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर। सिरगिट्टी में डीएसपी के भाई पर चाकूबाजी के बाद रविवार रात पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। आला अफसरों के निर्देश पर सरकंडा, तारबाहर, तोरवा, सिविल लाइन और एसीसीयू की टीमों ने आरोपितों को दबोचने के लिए शहर में चौतरफा नाकेबंदी और कांबिंग गश्त की। हालांकि सिरगिट्टी के मुख्य हमलावर फरार रहे, लेकिन इस कड़े पहरे के दौरान पुलिस को दो बड़ी सफलताएं मिलीं। सरकंडा पुलिस ने आधी रात को मोपका क्षेत्र में दो ई-रिक्शा घेरकर ओडिशा से तस्करी कर लाया जा रहा 90 किलो गांजा जब्त कर आठ महिला तस्करों को दबोच लिया। वहीं, तारबाहर पुलिस ने भी घेराबंदी कर एक शातिर बदमाश को चाकू के साथ रंगे हाथ गिरफ्तार किया।
प्रेमिका के सामने डांटने और ‘ईगो हर्ट’ होने पर किया था हमला
वारदात सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के बन्नाक चौक की है। कवर्धा बटालियन में पदस्थ डीएसपी बद्रीनाथ मिश्रा के भाई पशुपतिनाथ उर्फ गुड्डू मिश्रा ने अपने कर्मचारी प्रेम मरकाम को रहने के लिए परिसर में एक कमरा दिया था। रविवार रात करीब 9:30 बजे कमरा बाहर से बंद था, लेकिन अंदर से आवाजें आ रही थीं। पशुपतिनाथ ने जब ताला खुलवाया, तो अंदर कर्मचारी का दोस्त घनश्याम धनकर अपनी प्रेमिका के साथ मिला। पशुपतिनाथ ने परिसर में इस तरह की गतिविधि पर कड़ी आपत्ति जताते हुए घनश्याम को फटकार लगाई। प्रेमिका के सामने हुई इस बेइज्जती का बदला लेने के लिए घनश्याम ठीक एक घंटे बाद रात 10:30 बजे अपने साथी राहुल रजक और पांच अन्य बदमाशों के साथ धारदार चाकू लेकर वापस पहुंचा।
चाचा बोलकर खुलवाया था दरवाजा
बदमाशों ने “चाचा दरवाजा खोलो” कहकर गेट खुलवाया और पशुपतिनाथ पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। बीच-बचाव में उनकी पत्नी रेणु मिश्रा को भी चोटें आईं। घायल व्यवसायी को अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सरकंडा पुलिस के हत्थे चढ़ीं ओडिशा से गांजा ला रही आठ महिला तस्कर
सिरगिट्टी के फरार आरोपितों की तलाश में रात तीन बजे जब सरकंडा पुलिस और एसीसीयू की टीम मोपका क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी, तभी दो संदिग्ध ई-रिक्शा आती दिखी। पुलिस को देखकर उसमें सवार महिलाएं भागने का प्रयास करने लगीं। महिला पुलिसकर्मियों की मदद से घेराबंदी कर जब दोनों ई-रिक्शा सीजी 10 बीएस 7574 और सीजी 10 सीसी 3813 को रुकवाकर तलाशी ली गई, तो पुलिस दंग रह गई। बोरियों के भीतर कपड़ों के गट्ठों के बीच खाकी टेप से लिपटे हुए 86 पैकेट गांजा बरामद हुआ, जिसका कुल वजन 90 किलोग्राम है।
अंतर्राज्यीय तस्करी नेटवर्क: पूछताछ में आरोपितों ने अपना नाम अशोक बाई, नंद कुमारी, लक्ष्मी शिकारी, द्रोपती शिकारी, ग्यारस बाई, गंगा सिंह, रम्मती शिकारी और इंद्राणी बताया। सभी ने खुद को ग्राम मटियारी कर निवासी बताया। महिलाएं यह गांजा सड़क मार्ग से ओडिशा से लेकर आ रही थीं। जब्त माल की कुल कीमत 46,75,000 रुपये आंकी गई है।
तारबाहर में पकड़ा गया चाकू समेत युवक
चेकिंग के दौरान तारबाहर पुलिस को भी रेलवे कालोनी गणेश मंदिर के पास एक संदिग्ध युवक घूमता मिला। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर जब नीतिश चौहान उम्र 24 वर्ष को दबोचा और उसकी तलाशी ली, तो उसकी पैंट के पीछे कमर में 12.5 इंच लंबा स्टील का धारदार चाकू छिपा मिला। पुलिस ने आरोपित को आर्म्स एक्ट के तहत गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
शिकायत के आधार पर आरोपितों के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर लिया गया है। मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक मुख्य संदेही को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ शुरू कर दी है। घटना में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तकनीकी लोकेशन ट्रेस की जा रही है, जिन्हें बहुत जल्द गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा। – निमितेश सिंह, सीएसपी, सिविल लाइन
यह भी पढ़ें- MP के रेल यात्रियों को बड़ी सौगात, ₹4,329 करोड़ की इटारसी-भोपाल-बीना चौथी रेल लाइन को मिली मंजूरी
<
