नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर: बहुप्रतीक्षित बिलासपुर-दिल्ली शाम की उड़ान यात्रियों के लिए लगातार परेशानी का कारण बनती जा रही है। पहले रविवार को 72 सीटर विमान से सेवा शुरू हुई, लेकिन दूसरे रविवार को फ्लाइट रद कर दी गई।
अब तीसरे रविवार को एयरलाइंस ने 72 की जगह केवल 48 सीटर विमान संचालित किया, जिससे यात्रियों की मुश्किलें और बढ़ गईं। सीमित सीटों के कारण एक दिन पहले ही बुकिंग बंद करनी पड़ी और कई यात्री टिकट के लिए भटकते रहे।
लगातार बदलती व्यवस्था और सीटों में कटौती से यात्रियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। बिलासपुर से दिल्ली के लिए शाम की बहुप्रतीक्षित उड़ान सेवा तीन मई को बड़े उत्साह के साथ शुरू हुई थी। लंबे समय से लोग इस सुविधा की मांग कर रहे थे, इसलिए उद्घाटन के पहले ही दिन फ्लाइट की करीब 60 प्रतिशत सीटें बुक हो गईं और यात्रियों ने दिल्ली तक का सफर किया।
इससे लोगों में उम्मीद जगी कि अब देश की राजधानी तक सफर आसान और सुविधाजनक हो जाएगा। हालांकि, दूसरे ही रविवार को यात्रियों की उम्मीदों को बड़ा झटका लगा। 10 मई को एलाइंस एयर ने विमान में तकनीकी खराबी का हवाला देते हुए उड़ान रद कर दी। इससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
इसके बाद तीसरे रविवार को फ्लाइट सेवा तो बहाल हुई, लेकिन एयरलाइंस ने 72 सीटर विमान की जगह केवल 48 सीटर विमान भेजा। दिल्ली से प्रयागराज होते हुए बिलासपुर पहुंची फ्लाइट लगभग फुल रही, जबकि दिल्ली जाने वाली उड़ान में भी 45 यात्री सवार रहे। बताया गया कि सीटों की संख्या कम होने का असर साफ दिखाई दिया। शनिवार से ही यात्रियों को टिकट बुकिंग में दिक्कतें आने लगी थीं। कई लोग एक साथ तीन-चार टिकट बुक नहीं कर पा रहे थे। परिवारों को सीट सुनिश्चित करने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी, जिससे यात्रियों में नाराजगी भी देखने को मिली।
दूसरे सेक्टर में भेजा गया होगा 72 सीटर विमान
बिलासपुर-दिल्ली शाम की उड़ान में 72 सीटर विमान की जगह 48 सीटर विमान संचालित किए जाने को लेकर चर्चाओं का दौर जारी है। माना जा रहा है कि एयरलाइंस ने अपने 72 सीटर विमान को किसी दूसरे व्यस्त सेक्टर में भेज दिया होगा, जिसके कारण बिलासपुर रूट पर छोटा विमान लगाया गया।
जानकारी के अनुसार एयरलाइंस के पास केवल दो 48 सीटर विमान हैं, जबकि आठ विमान 72 सीट क्षमता वाले हैं। ऐसे में अचानक छोटे विमान का संचालन यात्रियों के लिए असुविधा का कारण बना। सीटें कम होने से कई यात्रियों को टिकट तक नहीं मिल पाया।
बिलासपुर से दिल्ली रूट पर 72 सीटर विमान ही संचालित करने की मांग
हवाई सुविधा जन संघर्ष समिति ने एलाइंस एयर से मांग की है कि वह बिलासपुर – दिल्ली रूट पर 72 सीटर विमान ही चलाए, क्योंकि गर्मी के कारण तापमान अधिक होने पर सवारियों की संख्या घटा दी जाती है।
ऐसा 48 सीटर में होने पर तो बहुत ज्यादा सीट कम हो जाएगी। समिति ने राज्य सरकार से भी मांग की है कि वह एयरलाइन कंपनी को निर्देशित करे कि दिल्ली रूट पर 72 सीटर विमान ही चलाए। यह मुद्दा रविवार को समिति के महाधरना के उठा। धरने में मुख्या रूप से रवि बनर्जी, रामशरण यादव, बद्री यादव, केशव गोरख, मनोज श्रीवास, शिरीष कश्यप, ऋषि राज गौतम, प्रतीक तिवारी, संतोष पीपलवा, समीर अहमद बबला, परसराम कैवर्त और सुदीप श्रीवास्तव शामिल रहे।
<
