![]()
बिलासपुर में खाद्य विभाग की टीम ने शुक्रवार को अवैध गैस सिलेंडर भंडारण और रिफिलिंग के खिलाफ कार्रवाई की है। इस दौरान जांच में पता चला कि महामाया गैस रिपेयरिंग और विजय स्टील की आड़ में घरेलु गैस सिलेंडर की कालाबाजारी की जा रही थी। टीम ने छापेमारी कर दोनों दुकानों से कुल 54 गैस सिलेंडर जब्त किए। अमेरिका-ईरान युद्ध के चलते देश भर में गैस सिलेंडर की किल्लत चल रही है। इसका असर छत्तीसगढ़ के बिलासपुर सहित सभी जगहों पर दिखने लगा है। लोगों को आसानी से गैस उपलब्ध नहीं हो रहा है। गैस एजेंसी संचालकों को भी उपभोक्ताओं को 25 दिन के बाद सिलेंडर के लिए नंबर लगाने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, कलेक्टर संजय अग्रवाल ने घरेलु गैस सिलेंडर की ब्लैकमार्केटिंग पर अंकुश लगाने और सख्त कार्रवाई करने के लिए कहा है। गैस रिपेयरिंग की आड़ में चल रहा था रिफिलिंग का गोरखधंधा खाद्य नियंत्रक अमृत कुजूर ने बताया कि सरकंडा के सीपत चौक में महामाया गैस चूल्हा सुधारक और गर्ल्स हॉस्टल संचालक लव निमेष जायसवाल गैस चूल्हा रिपेयरिंग की आड़ में सिलेंडर की कालाबाजारी कर रहा था। सूचना मिलने पर विभाग की टीम ने छापा मारा। जांच के दौरान उसके पास से 14.2 किलो के 19 भरे हुए और कुछ आंशिक भरे घरेलू गैस सिलेंडर मिले। इसके अलावा 5 किलो के 35 घरेलू और व्यावसायिक सिलेंडर भी बरामद किए गए। मौके से 7 रिफिलिंग नोजल, एक इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन और अन्य उपकरण भी जब्त किए गए हैं। विजय स्टील में भी की छापेमारी जांच के दौरान टीम ने विजय स्टील की दुकान पर भी छापा मारा। दुकान का संचालक संटी अग्रवाल बर्तन दुकान की आड़ में अवैध रूप से गैस सिलेंडर बेच रहा था। छापेमारी में उसकी दुकान से 2 घरेलू गैस सिलेंडर, 3 रिफिलिंग नोजल और एक तौल मशीन जब्त की गई। जांच में यह भी सामने आया कि बिना अनुमति के गैस सिलेंडरों का भंडारण और रिफिलिंग कर अवैध बिक्री की जा रही थी, जिससे सुरक्षा नियमों की अनदेखी हो रही थी और लोगों की जान-माल को खतरा हो सकता था। टीम ने सभी सामान को जब्त कर सुरक्षित रखा और मौके से गुजर रही कोनी इंडेन की डिलीवरी वैन को रोककर संबंधित एजेंसी को सौंप दिया। जिला प्रशासन ने साफ कहा है कि इस तरह की अवैध गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी और दोषियों के खिलाफ नियमों के अनुसार कड़ी कार्रवाई होगी।
<
