![]()
बिलासपुर जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर अंकुश लगाने के लिए खनिज विभाग ने कार्रवाई की है। एक विशेष अभियान के तहत 5 हाइवा और 4 ट्रैक्टर-ट्रॉली सहित कुल 9 वाहन जब्त किए गए। यह कार्रवाई कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देश पर की गई। जानकारी के अनुसार, 6 जून से 8 जून तक जिले के सरकंडा, सीपत, करगी, कोटा, पोड़ी, कोनी और मंगला क्षेत्रों में सघन जांच अभियान चलाया गया। इस अभियान के दौरान अवैध रूप से रेत और चूना पत्थर का उत्खनन और परिवहन करते पाए गए वाहनों पर कार्रवाई की गई। जांच के दौरान करगी क्षेत्र से रेत का अवैध परिवहन करते एक हाइवा, कोनी क्षेत्र से चूना पत्थर का परिवहन करते एक हाइवा और सरकंडा क्षेत्र से चूना पत्थर परिवहन करते दो हाइवा जब्त किए गए। इसके अतिरिक्त, सीपत क्षेत्र में अवैध रेत परिवहन करते एक अन्य हाइवा पर भी कार्रवाई की गई। इसी तरह, मंगला क्षेत्र के शिवघाट बैराज से अवैध रूप से रेत का उत्खनन करते हुए दो ट्रैक्टर-ट्रॉली और पोड़ी क्षेत्र में रेत का परिवहन करते हुए दो ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त की गईं। सभी जब्त वाहनों को संबंधित थाना क्षेत्रों कोनी, कोटा, सरकंडा और सीपत की अभिरक्षा में रखा गया है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि खनिज संपदा के अवैध दोहन को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। खनिज, राजस्व और पुलिस विभाग के संयुक्त दल द्वारा जिले में लगातार निगरानी रखी जा रही है, और अवैध उत्खनन, परिवहन तथा भंडारण के मामलों में निरंतर कार्रवाई जारी रखने का दावा किया गया है।
<
