![]()
रायपुर में सड़क हादसों पर लगाम लगाने के लिए यातायात पुलिस ने रविवार रात बड़ा अभियान चलाया। शहर के अलग-अलग चौक-चौराहों पर हुई सरप्राइज चेकिंग में 52 वाहन चालक शराब के नशे में गाड़ी चलाते पकड़े गए। सभी के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। कई वाहनों को जब्त कर चालकों को पैदल घर भेजा गया। पुलिस अब इन्हें न्यायालय में पेश करेगी। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के निर्देश पर यातायात एवं प्रोटोकॉल शाखा द्वारा यह विशेष अभियान चलाया गया। अधिकारियों के मुताबिक, ड्रंक एंड ड्राइव के खिलाफ कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना, लोगों के जान-माल की सुरक्षा करना और सड़क पर अनुशासन बनाए रखना है। 9 प्रमुख चौक-चौराहों पर हुई जांच 7 जून की रात एसीपी यातायात सतीश ठाकुर के नेतृत्व में शहर के 9 प्रमुख स्थानों पर चेकिंग की गई। इनमें तेलीबांधा चौक, पचपेड़ी नाका, भट्ठागांव चौक, टाटीबंध चौक, कालीबाड़ी चौक, जयस्तंभ चौक, भनपुरी चौक और पंडरी थाना के सामने सहित अन्य प्रमुख मार्ग शामिल रहे। विशेष अभियान के दौरान ब्रेथ एनालाइजर से जांच में 52 चालक नशे की हालत में वाहन चलाते मिले। इनमें 34 कार चालक, 11 मोटरसाइकिल चालक, 2 टाटा एस वाहन चालक, 4 ट्रक चालक और 1 पिकअप वाहन चालक शामिल हैं। इस साल 3365 चालकों पर कार्रवाई यातायात पुलिस के अनुसार, वर्ष 2026 में अब तक ड्रंक एंड ड्राइव के 3365 मामलों में कार्रवाई की जा चुकी है। सभी मामलों में चालान बनाकर नियमानुसार न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि शराब पीकर वाहन चलाना केवल कानूनी अपराध नहीं, बल्कि खुद और दूसरों की जान को खतरे में डालने जैसा है। इसलिए ऐसे चालकों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। गाड़ी चलाते समय नियमों का करें पालन: पुलिस यातायात पुलिस ने नागरिकों से सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की है। एसीपी यातायात सतीश कुमार ठाकुर ने कहा, कि वाहन चलाते समय शराब का सेवन न करें, हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग करें, मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करें तथा निर्धारित गति सीमा और ट्रैफिक नियमों का पालन करें। अधिकारियों का कहना है कि शहर में सुरक्षित और अनुशासित यातायात व्यवस्था विकसित करने के लिए ऐसे विशेष अभियान आगे भी लगातार चलाए जाएंगे।
<
