बिलासपुर का तीसरा मल्टीलेवल पार्किंग एक महीने में होगा तैयार:पुराना बस-स्टैंड में 12.60 करोड़ से हो रहा निर्माण, निगम कमिश्नर ने लिया जायजा

![]()
बिलासपुर का तीसरा मल्टी लेवल पार्किंग करीब एक महीने में बन कर तैयार हो जाएगा। इससे पुराना बस स्टैंड क्षेत्र में पार्किंग और ट्रैफिक की समस्या दूर होने का दावा किया जा रहा है। पुरान बस स्टैंड में करीब 12 करोड़ 60 लाख रुपए की लागत से तैयार हो रही इस अत्याधुनिक पार्किंग सुविधा का लाभ शहरवासियों को एक माह के भीतर मिलने की उम्मीद है। नगर निगम एवं बिलासपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड द्वारा तैयार की जा रही ऑटोमेटेड मल्टीलेवल शटल टाइप कार पार्किंग का निर्माण अंतिम चरण में पहुंच गया है। नगर निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे ने निर्माणाधीन पार्किंग भवन का निरीक्षण कर अंतिम चरण में चल रहे कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और एजेंसी को शेष कार्य तेजी से पूरा कर निर्धारित समयावधि में पार्किंग शुरू करने के निर्देश दिए। 80 कारों की एक साथ पार्किंग, ग्राउंड फ्लोर के साथ चार मंजिल
पुराना बस स्टैंड में लगभग 10,500 वर्गफीट भूमि पर विकसित की जा रही यह मल्टीलेवल कार पार्किंग ग्राउंड फ्लोर के अलावा चार मंजिला होगी। यहां एक साथ लगभग 80 कारों की पार्किंग की सुविधा होगी। ग्राउंड फ्लोर पर बाइक पार्किंग की भी व्यवस्था रहेगी। पार्किंग भवन को आधुनिक सुविधाओं के साथ आकर्षक स्वरूप दिया जा रहा है, जिससे यह शहर के प्रमुख क्षेत्रों में आधुनिक पार्किंग व्यवस्था का उदाहरण बनेगा। लिफ्ट से स्वयं होगी कार की ऑटोमेटेड पार्किंग
ऑटोमेटेड मल्टीलेवल शटल टाइप कार पार्किंग की सबसे खास विशेषता इसकी स्वचालित पार्किंग व्यवस्था होगी। वाहन चालक को कार लेकर पार्किंग के निर्धारित ग्राउंड फ्लोर क्षेत्र में पहुंचना होगा। इसके बाद लिफ्ट और स्वचालित शटल सिस्टम के माध्यम से कार को निर्धारित स्थान पर पार्क किया जाएगा। इससे कम जगह में अधिक वाहनों को व्यवस्थित तरीके से पार्क किया जा सकेगा और वाहन चालकों को पार्किंग में सुविधा मिलेगी। नंबर प्लेट की ऑटोमेटिक पहचान, मिलेगी पार्किंग पर्ची
पार्किंग में प्रवेश करने वाले वाहनों की नंबर प्लेट मशीन द्वारा ऑटोमेटिक तरीके से रीड की जाएगी। इसके आधार पर पार्किंग की पर्ची जारी होगी। इस तकनीक से वाहनों की एंट्री और पार्किंग व्यवस्था को व्यवस्थित और सुगम बनाया जाएगा। फायर फाइटिंग सिस्टम से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
पार्किंग भवन में आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए फायर फाइटिंग सिस्टम भी स्थापित किया जा रहा है। इससे किसी भी आकस्मिक स्थिति में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होगी। कमिश्नर सर्वे ने निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिए कि अंतिम चरण में चल रहे सभी कार्यों को गुणवत्ता के साथ तेजी से पूरा किया जाए। साथ ही पार्किंग शुरू करने से पहले आवश्यक तकनीकी और सुरक्षा व्यवस्थाओं का परीक्षण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शहर के व्यस्ततम क्षेत्र में अत्याधुनिक पार्किंग सुविधा शुरू होने से नागरिकों को बड़ी राहत मिलेगी। इससे पुराना बस स्टैंड और आसपास के क्षेत्र में पार्किंग एवं ट्रैफिक प्रबंधन को बेहतर बनाने में भी मदद मिलेगी। 3 साल देरी से पूरा हो रहा प्रोजेक्ट
पुराना बस स्टैंड में बन रही शटल टाइप कार पार्किंग स्मार्ट सिटी की सबसे धीमी परियोजनाओं में शामिल हो गई है। 12.60 करोड़ रुपए की लागत वाले इस प्रोजेक्ट का टेंडर 2019 में निकला था और पांचवीं बार में ठेकेदार मिल सका। 2022 में शुरू हुआ निर्माण 2023 में पूरा होना था। इसके बाद एक साल का एक्सटेंशन दिया गया। तय समयावधि में भी प्रोजेक्ट पूरा नहीं हो सका। आखिरकार अब 3 साल की देरी से यह प्रोजेक्ट पूरा होने जा रहा है। पार्किंग और ट्रैफिक समस्या दूर होने पर सवाल
बता दें कि शहर में इससे पहले कलेक्ट्रेट के बाजू और सिटी कोतवाली थाना परिसर में मल्टी लेवल पार्किंग बनाया गया है, जो लोगों के लिए शुरू भी कर दिया गया है। दावा किया गया कि मल्टी लेवल पार्किंग की सुविधा मिलने के बाद गोलबाजार, सदर बाजार और सिटी कोतवाली के साथ ही शनिचरी मार्केट के आसपास पार्किंग की समस्या नहीं होगी। साथ ही ट्रैफिक जाम की समस्या से मुक्ति मिलेगी। इसी तरह कलेक्ट्रेट परिसर के पास बने मल्टी लेवल पार्किंग से भी जाम की समस्या दूर होने का दावा किया गया। लेकिन, प्रशासन की उदासीनता के चलते अभी भी कलेक्ट्रेट और कोतवाली क्षेत्र में बेतरतीब वाहन खड़े रहते हैं और जाम की स्थिति बन जाती है।
Source link




