![]()
जगदलपुर में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना फेस-4 के तहत बस्तर जिले की 86 सड़कों का भूमिपूजन किया गया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जशपुर से वर्चुअल कार्यक्रम में शामिल होकर इन कार्यों की शुरुआत की। करीब 235 किलोमीटर लंबी सड़कों के निर्माण पर लगभग 250 करोड़ रुपए खर्च होंगे, जिससे ग्रामीण इलाकों की कनेक्टिविटी बेहतर होगी। जगदलपुर के कुम्हरावंड स्थित शहीद गुंडाधुर कृषि महाविद्यालय सभागार में आयोजित कार्यक्रम में सड़क निर्माण कार्यों का सीधा प्रसारण किया गया। इस दौरान जिले के विभिन्न हिस्सों में बनने वाली 86 सड़कों की आधारशिला रखी गई। अधिकारियों के अनुसार, इन सड़कों की कुल लंबाई 235.45 किलोमीटर है और इन पर लगभग 250 करोड़ रुपए की लागत आएगी। जनप्रतिनिधियों ने कहा- सड़क बनने से मिलेगी सुविधा कार्यक्रम में मौजूद जनप्रतिनिधियों ने कहा कि इन सड़कों के बनने से ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन आसान होगा और लोगों को बाजार, शिक्षा व स्वास्थ्य सुविधाओं तक पहुंचने में सहूलियत मिलेगी। चित्रकोट विधायक विनायक गोयल ने कहा कि यह सड़कें ग्रामीणों के लिए विकास का माध्यम बनेंगी। जिला पंचायत अध्यक्ष वेदवती कश्यप ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं से बस्तर में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार हो रहा है। इन परियोजनाओं का लाभ लोहंडीगुड़ा, दरभा, बास्तानार और तोकापाल ब्लॉक के कई गांवों को मिलेगा, जहां लंबे समय से सड़क सुविधा की कमी थी। कार्यक्रम में कलेक्टर आकाश छिकारा सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
<
